आंधी-बारिश से जनजीवन प्रभावित, फसलों को नुकसान
आज भी अंधड़ के साथ हल्की बारिश की संभावना
बिलासपुर । आज सुबह से हो रही बारिश से मौसम शुष्क हो गया। जिससे ठंडी का अहसास लोगों को होने लगा। सुबह से दोपहर तक लगातार रूक-रूककर हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया। जिससे लोग अपने घरों में ही रूके रहे। वही कई जगहों पर बारिश की वजह से गड्डो नालों पर पानी भर गया। जो कि सडक़ों पर बहने लगा। आंधी के साथ बारिश के कारण बिजली गुल रहने से कहीं लोग परेशान हुए वहीं फसलों को भी नुकसान पहुंचाने का अनुमान है।
जिले में शुक्रवार की रात से झमाझम बारिश शुरु हो गई थी। जिससे भीषण गर्मी में लोगों दिसम्बर का महीना याद आ गया। मौसम विभाग का कहना है कि एक दो दिन तक मौसम ऐसे ही रहेंगे। उसके बाद मौसम में परिवर्तन होगा। आज कुछ जगहों पर अंधड़ के साथ हल्की बारिश होगी। वही कुछ जगहों पर ओले भी गिरने की संभावना बतायी जा रही है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिम राजस्थान के ऊपर क्षोभ मंडल के निम्न स्तर पर स्थित है। एक द्रोणिका /हवा का अनियमित गति दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से झारखंड तक क्षोभ मंडल के निम्न स्तर पर स्थित है।
प्रदेश में 19 मार्च को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने, अंधड़ चलने तथा ओलावृष्टि होने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में अपने अधिकतम गिरावट की स्थिति में आ चुका है, इसके कारण और अधिक गिरावट होना संभव नहीं है। प्रदेश में कल से अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
बिल्हा में आकाशीय बिजली गिरने से ग्रामीण की मौत

बिल्हा क्षेत्र के ग्राम सकेरी में शनिवार सुबह 9 बजे आकाशीय बिजली गिरने से नन्द कुमार वर्मा (नंदू) की मौत हो गई । बताया जा रहा हैं की सुबह खेत में लुवाई करने गए थे। तभी तेज आवाज में आकाशीय बिजली गिरी और नन्द कुमार वर्मा मौत हो गई। नन्द कुमार वर्मा के परिवार में कुल 12 सदस्य हैं जो अपने पिता पर ही आश्रित है, आम आदमी पार्टी के नेताओ को जानकारी लगते ही, गाँव जाकर पीडि़त परिवार के लोगो से मुलाकात किया गया। गाँव जाकर मिलने वालों में आम आदमी पार्टी के नेता सरदार जसबीर सिंग, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका शुक्ला, असना जैसवाल और रवि यादव शामिल हुए।
सभी नेताओं ने जाकर नन्द कुमार के घर पहुचकर पाया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं हैं और क्यूंकि नन्द कुमार वर्मा की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई। आम आदमी पार्टी के तरफ से हम सरकार से यह मांग करते है कि पीडि़त परिवार को 25 लाख रुपए की मुआवजा राशि देने की कृपा करें। ताकि ये परिवार को की पूरे तरह से नंद कुमार के ऊपर निर्भर था, वो अपना गुजर बसर कर सके।
शहर के कई इलाकों में बिजली गुल से लोग हलाकान

कल देर शाम को और उसके बाद आज सुबह लगभग 9 बजे से शुरू हुई बारिश बमुश्किल 45 मिनट तक चली। इतनी देर तक झमाझम बारिश होते रही उसके बाद वह बूंदा बूंदी में तब्दील हो गई। शुक्रवार की रात आधे घंटे तक हुई बारिश के बाद शहर के गोंडपारा फीडर से जुड़े हजारों बिजली उपभोक्ता आधी रात के बाद तक अंधेरे में रहने पर मजबूर हो गए। बीच में अगर लाइट आती भी थी तो कुछ ही मिनट में फिर गोल हो जाती थी। आज सुबह हालात इससे भी खराब हो गए। आज शनिवार सुबह 9 बजे से बमुश्किल आधे पौन घंटे हुई झमाझम बारिश के बाद बरसात में बूंदाबांदी का रूप ले लिया। लेकिन शहर के कई इलाकों में इस आधे पौन घंटे की बारिश के बाद कई घंटे लाइन गोल रही। बिलासपुर के गोंडपारा फीडर से जुड़े हजारों उपभोक्ताओं के घरों में आज शुक्रवार को दोपहर 3 बजे तक अंधेरा बना रहा। बेहद शर्म की बात यह है कि श्याम टॉकीज फ्यूज ऑफिस में इस बाबत जानकारी देने वाला कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। ना तो वहां से यह बताया जा रहा था कि बिजली क्यों गोल हुई है और ना ही यह बताया जा रहा था कि बिजली कब आएगी। यह और भी शर्मनाक है कि हर माह लंबी-लंबी तनखा पाने वाले बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी दो-तीन घंटे तक गोंडपारा फीडर का फाल्ट तक नहीं खोज पाए। और फाल्ट खोजने के बाद भी घंटों तक लाइट गोल रही।

