इंदौर फ्लाइट बंद होने और मनमाने किराये का मुद्दा संसद में उठेगा
हवाई सेवा जन संघर्ष समिति ने सांसद विवेक तन्खा से की चर्चा
बिलासपुर । बिलासपुर इंदौर उड़ान बंद होने का विरोध कर रही हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने आज इस मसले पर राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा से बात की और उन्हें विस्तार से अवगत कराया कि किस तरह पहले मनमाना किराया बढ़ाया जाता है और उसके बाद यात्री की कमी का बहाना बना कर फ्लाइट बंद की जा रही है। इस कड़ी में बिलासपुर दिल्ली उड़ान का किराया भी दस हज़ार तक पंहुचा दिया गया है। विवेक तन्खा ने समिति को भरोसा दिलाया कि वे इन दोनों मुद्दों को आगामी संसद सत्र में उठाएंगे। गौरतलब है कि सांसद विवेक तन्खा लगातार बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास के लिए संघर्ष को समर्थन देते आ रहे हैं।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने आज बिलासपुर भोपाल उड़ान को बंद करने का मामला भी फिर उठाया और कहा कि वह फ्लाइट उड़ान योजना के तहत स्वीकृत हुई थी जिसे 3 साल के पहले बंद नहीं किया जा सकता था। परन्तु उसकी जगह इंदौर उड़ान का झुनझुना पकड़ा कर पहले बिलासपुर भोपाल फ्लाइट को बंद किया गया उसके बाद इंदौर फ्लाइट को उड़ान योजना में मानने के बजाय सामान्य फ्लाइट घोषित कर मात्रा 5 माह में ही बंद किया जा रहा है। यह घटनाक्रम साफ़ बताता है कि, बिलासपुर एयरपोर्ट को असफल करने की साजि़श की जा रही है।
समिति इस मामले पर आंदोलन को तेज करने के लिए कटिबद्ध है और 17 मार्च के कैंडल मार्च को सफल बनाने के लिए विभिन्न संघठनो और व्यक्तियों की पहचान कर उनसे समर्थन लेने का क्रम प्रारम्भ कर दिया गया है। समिति की योजना है कि 24 मार्च को अंतिम इंदौर उड़ान के दिन के पहले आंदोलन तेज कर दिया जाये।
आज के महाधरना आंदोलन में नगर के महापौर रामशरण यादव के अलावा आगमन के क्रम से देवेंद्र सिंह ठाकुर, केशव गोरख, गोपाल दुबे, महेश दुबे, संजय पिल्ले, समीर अहमद, बद्री यादव, अशोक भंडारी, अभय नयायन राय, दीपक कशयप, अनिल गुलहरे, अमर बजाज, संतोष पीपलवा, संत कुमार नेताम, चंद्र प्रकाश जायसवाल, नवीन वर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, विजय वर्मा, रणजीत सिंह खनूजा, रशीद बखुश, मोहन जायसवाल, रघुराज सिंह, अक़ील अली और सुदीप श्रीवास्तव उपस्थित थे।

