रेलवे स्टेशन क्षेत्र में हाईटेक कैमरे लगाएं-आईजी
मानव तस्करी एवं मादक पदार्थो की तस्करी पर अंकुश लगाने होगी कार्रवाई
रेल्वे स्टेशनों के वाहन पार्किंग में वर्षो से पड़े लावारिस वाहनों का होगा निराकरण
प्री-पेड बुथ स्थापित कर रेलवे स्टेशन परिक्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार लाएं
बिलासपुर। आईजी बद्री नारायण मीणा रेंज अंतर्गत जिलों के पुलिस अधीक्षकों सहित रेलवे सुरक्षा बल एवं शासकीय रेल पुलिस की बैठक में वरिष्ठ रेलवे मंडल सुरक्षा आयुक्त (आर.पी.एफ), पुलिस अधीक्षक (जी.आर.पी.) तथा रेंज के जिलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चाम्पा, सक्ती एवं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही अंतर्गत आने वाली सभी रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था एवं घटित अपराधों की रोकथाम के संबंध में निर्देश दिये गये। श्री मीणा ने कैमरों के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सभी बड़े स्टेशनों के साथ साथ छोटे स्टेशनों के प्रमुख स्थानों पर कैमरे लगवाने हेतु मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेल सुरक्षा बल बिलासपुर को निर्देश दिया गया ।
रेलवे स्टेशनों के वाहन पार्किंग में वर्षो से पड़े लावारिस वाहनों के निराकरण हेतु संबंधित जिला पुलिस से जानकारी साझा कर आवश्यक कदम उठाने निर्देशित किया गया। रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेल पुलिस एवं जिला पुलिस के मध्य रेलवे एवं रेलवे क्षेत्र में घटित अपराध तथा अपराधियों की जानकारी आपस में साझा करने के निर्देश दिये गए। साथ ही समय-समय पर जिला पुलिस बल के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मॉक-ड्रिल आयोजित करने कहा गया।
रेलवे के माध्यम से होने वाले मानव तस्करी एवं मादक पदार्थो के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए संयुक्त कार्यवाही के लिए निर्देश दिया गया। रेलवे स्टेशन में यातायात का सुगम बनाने हेतु प्रीपेड बुथ विशेषत: बिलासपुर एवं रायगढ़ जैसे बड़े स्टेशनों के अतिरिक्त अन्य रेलवे स्टेशन जहां यातायात दबाव अधिक रहता है, चिन्हांकित कर ऐसे स्टेशनों पर प्री-पेड बुथ स्थापित करने निर्देश दिये गये।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ सदानंद कुमार, पुलिस अधीक्षक जिला रायगढ़, पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर संतोष कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक, जांजगीर-चांपा विजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही योगेश कुमार पटेल, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेल सुरक्षा बल, द.पू.म.रेलवे बिलासपुर, पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर जे.आर. ठाकुर एवं रेंज कार्यालय बिलासपुर से अति.पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपमाला कश्यप उपस्थित थे।

