17 वीं अखिल भारतीय रेलवे खो-खो चैम्पियनशिप में दपूम रेलवे की टीम ने जीता गोल्ड मेडल
विजेता टीम में बिलासपुर मंडल से 9 खिलाड़ी शामिल
डीआरएम ने दी शुभकामनाएं
बिलासपुर। 17 वीं अखिल भारतीय रेलवे खो-खो चैम्पियनशिप का आयोजन सोलापुर मंडल में दिनांक 22 फरवरी 2023 से 24 फरवरी 2023 तक किया गया था । इस प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की इस विजेता टीम में बिलासपुर मंडल के श्रीनिवास राव, विमल कुमार, वेंकटेश, अविनाश, अरुण, अक्षय, अभिनंदन, स्वयं, जी वेंकट सहित कुल 09 खिलाड़ी शामिल थे। इस टीम में मुख्य प्रशिक्षक के तौर पर जी वेणुबाबू, टीम प्रबंधक के रूप में दीपक कुमार एवं सलेक्शन कमेटी में विकास कुमार शामिल थे।
इस प्रतियोगिता में शामिल टीम के 15 खिलाडिय़ों में 09 बिलासपुर मंडल के, 03 रायपुर मंडल के तथा 03 खिलाड़ी मुख्यालय से शामिल थे । इस चैम्पियनशिप में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की टीम ने फाइनल मैच में दक्षिण मध्य रेलवे की टीम को 10-02 से हराकर पहली बार गोल्ड मेडल जीता । टीम की इस जीत में बिलासपुर मंडल के इन सभी खिलाडिय़ों का अहम योगदान रहा । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के साथ ही बिलासपुर मंडल द्वारा हमेशा से खेल एवं खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन दिया जाता रहा है । इसी का परिणाम है कि आज मंडल के इन सभी खिलाडिय़ों ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के साथ मंडल का नाम रोशन किया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की खो-खो टीम में शामिल मंडल के साथ ही सभी खिलाडिय़ों एवं टीम प्रबंधन को उनके शानदार प्रदर्शन एवं उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय सहित क्रीडा अधिकारी भास्कर वर्मा एवं अधिकारियों द्वारा बधाई एवं शुभकामनायें दी गई।

