पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम भूपेश बघेल ने बलौदाबाजार हादसे पर जताया दुःख
पीएम ने मृतक के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार सीएम ने 4 लाख और 1-1 लाख देने की घोषणा
रायपुर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख व्यक्त करते हुए सहायता राशि की घोषणा की है. प्रत्येक मृतक के परिजनों को (PMNRF) प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड से दो लाख रुपए दिए जाएंगे. वहीं घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे.
वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस सड़क हादसे पर दुःख प्रकट करते हुए कहा है कि इस सड़क हादसे में दिवंगतजनों के परिवार की दुख की घड़ी में हम सब साथ हैं।इस घटना के घायलों को इलाज की बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। वहीं सड़क हादसे में दिवंगतजनों के परिवार को चार-चार लाख रूपए तथा घायलों को एक लाख रूपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
आपको बता दें कि, बीती रात बलौदाबाजार से भाठापारा के बीच खमहरिया में ट्रक और पिकअप मालवाहक में टक्कर से 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 20 से अधिक घायल हैं, जिनका जिला अस्पताल बलौदाबाजार में इलाज जारी है. दो गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया है. बलौदाबाजार के खिलोरा से साहू परिवार के सदस्य पिकअप में सवार होकर अर्जुनी गए थे. देर रात वे लौट रहे थे, तभी खमरिया में डीपीएस स्कूल के पास पिकअप को ट्रक ने टक्कर मारी. भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए.

