आवास बनाने केंद्र सरकार ने राशि भेजी, कांग्रेस सरकार ने खर्च नहीं किया-चंदेल
बेलतरा में 16 हजार परिवारों को आवास का इंतजार-रजनीश
विधायक के नेतृत्व में बेलतरा तहसील कार्यालय का घेराव
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा मोर आवास मोर अधिकार कार्यक्रम के तहत बेलतरा विधानसभा में गरीबों के आवास के मुद्दे पर भाजपा कार्यकर्ता ने बेलतरा तहसील कार्यालय का घेराव करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम ज्ञापन सौंपा।

सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य का सपना पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेई ने पूरा किया और जनता को छत्तीसगढ़ राज्य का विकास के लिए एक बड़ा तोहफा दिया। छत्तीसगढ़ राज्य नहीं बनता तो यहां विकास नहीं होता। श्री चंदेल ने यह भी कहा कि गरीबों को मकान के लिए 16 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि केंद्र सरकार के मुखिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भेजा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को गरीबों के मकान बनाने के लिए राज्य सरकार की अंशदान की चार आना राशि खर्च करना था लेकिन इतनी कम राशि भी भूपेश सरकार ने गरीबों को नहीं दिया और 4 साल में गरीबों के एक भी मकान नहीं बने। भाजपा शासनकाल में ही 15 साल में गांव गांव का विकास हुआ और सडक़ नाली पानी बिजली की सुविधाएं आम जनता को दी गई लेकिन गरीबों के मकान नहीं बनने का मुख्य कारण प्रदेश की कांग्रेस सरकार है। भूपेश सरकार ने गरीबों के मकान की राशि को नहीं दिया और गरीबों को उनके आवास से वंचित किया। बेलतरा विधानसभा में भी 16 हजार गरीब परिवारों के मकान राज्य सरकार की नाकामी के कारण नहीं बन पाए। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्र और राज्य सरकार की इस बड़ी योजना के तहत 60-40 के अनुपात में कांग्रेस शासनकाल में 2018 से जब से कांग्रेस की सरकार प्रदेश में बनी है तब से गरीबों के लिए मोर जमीन मोर आवास के तहत एक भी मकान का निर्माण कार्य नहीं किया गया। बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब परिवारों को मकान बनाने के लिए राशि राज्य सरकार को दिया लेकिन राज्य सरकार ने अपने अंशदान की राशि गरीबों को नहीं दिए जिसके कारण प्रदेश के 16 लाख गरीब परिवारों को मोर जमीन मोर आवास के तहत प्रधानमंत्री आवास के तहत मकान नहीं मिल पाया। गरीब परिवारों को उनका आशियाना उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने मोर जमीन मोर आवास के तहत पूरे देश में गरीबों को पक्का मकान देने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य में भी राशि उपलब्ध कराई, लेकिन कांग्रेस शासन काल में गरीबों के मकान का पैसा डूब गया और गरीबों के मकान नहीं बन सके। अनेक गरीब परिवार बेघर हो गए। प्रदेश सरकार गरीबों की सुध नहीं ले रही है। विधायक श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने गरीबों को धोखा दिया है। 4 साल में गरीबों के लिए भी मकान नहीं बनाएं। वर्तमान में जो भी मकान बने हैं वह सब भाजपा शासनकाल की देन है। राज्य सरकार अपना अंशदान गरीबों को नहीं दे रही है जिसके कारण गरीबों के मकान नहीं बन रहे हैं। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में 16000 परिवारों को आज 4 साल से आवास का इंतजार है। आज बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जाली गांव में विधायक रजनीश सिंह के नेतृत्व में पद यात्रा कर सभा आयोजित किया गया और राज्य सरकार पर जमकर हल्ला बोला। इस मौके पर प्रमुख रूप से जनपद उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष तिलक साहू, जिला मंत्री अवधेश अग्रवाल, राजेश सूर्यवंशी, सहित भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

