ईंट भट्ठे के ऊपर सो रहे तीन ग्रामीणों की मौत
धुएं से दम घुटने का संदेह
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत कोटपाली के आश्रित ग्राम खजूरी में दुखद हादसा हो गया, यहां छोटे ईंट भट्ठे में आग लगाकर उसी के उपर सो रहे तीन लोगों की मौत हो गई। सभी ने कंबल ओढ़ रखा था। अत्यधिक गर्मी और व धुंए को मौत का कारण माना जा रहा है। बलरामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है तथा जांच के बाद ही मामला स्पष्ट होने की बात कही है।
विदित हो कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस सीजन में लोगों द्वारा स्वयं के उपयोग के लिए ईंट, खप्पर बनाये जाने की परपंरा पुरानी है कच्चे ईंट, खप्पर का निर्माण कर उसे लकड़ी से पकाया जाता है जिसके बाद उसका उपयोग किया जाता है। जानकारी के अनुसार गणेश मोड़ पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम खजूरी में भी ग्रामीणों ने कच्चा ईंट तैयार किया था। इसे पकाने के लिए व्यवस्थित तरीके से एक स्थान पर सभी को जमाकर रखा गया था तथा रविवार को लकडिय़ों के माध्यम से पकाने की व्यवस्था भी कर ली गई थी। दोपहर बाद उसमें आग लगा दी गई जो सुलगने के बाद भीतर में धधक भी रही थी रात को ठंड से बचने के लिए इसी छोटे ईंट भ_े के ऊपर रात में चार लोग सो रहे थे। सभी ने कंबल भी ओढ़ रखा था भोर में तीन बजे अजय नामक युवक की तेज गर्मी के कारण नींद खुल गई थी जिसपर वह नीचे भी उतर गया था। सुबह जब भ_े के ऊपर सो रहे लोगों की नींद नहीं खुली तो अजय ने उन्हें आवाज भी लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर उसे कुछ संदेह हुआ जिसपर उसने पहले अन्य गांव वालों को सूचना दी। जब अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि तीनों युवक ने कंबल ओढ़ रखा था, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं थी। कंबल हटा कर देखने पर पता चला कि तीनों की मौत हो चुकी है। घटना की खबर लगते ही बड़ी संख्या में गांव वाले मौके पर पहुंच गए जिसके बाद तीनों के शव को भट्टे से नीचे उतारा गया। मृतकों में 28 वर्षीय राजदेव व 40 वर्षीय बनवा राम दोनों निवासी ग्राम खजुरी ग्राम पंचायत कोटपाली तथा 20 वर्षीय छोटू कुमार निवासी ग्राम असोला शामिल है।
घटना की जानकारी पर इनके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। मामले की जानकारी मिलने पर बलरामपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील नायक के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची, प्रारंभिक रूप से घटनास्थल के निरीक्षण के बाद जो बातें निकल कर सामने आ रही है उसके मुताबिक कंबल ओढ़ कर सोने के कारण भ_े से निकला धुआं इसका कारण बना होगा। शुद्ध आक्सीजन नहीं मिलने और धुएं के कारण दम घुटने से उनकी मौत होने का अनुमान लगाया जा रहा है परन्तु बिना पीएम रिपोर्ट के मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सकेगा। पुलिस द्वारा घटना के सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है गणेश मोड़ पुलिस चौकी प्रभारी सतीश सोनवानी का कहना है कि भट्टे के ऊपर सोने से तेज गर्मी और धुआं मौत का कारण बना होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।

