लोगों की बुनियादी समस्याओं का जल्द होगा निराकरण
लोक अदालत पहुंचेगी घर के द्वार-जस्टिस भादुड़ी

लोगों की बुनियादी समस्याओं का जल्द होगा निराकरणलोक अदालत पहुंचेगी घर के द्वार-जस्टिस भादुड़ी

बिलासपुर। आमजन को अपनी बुनियादी सुविधाओं एवं अधिकारों के लिये शासन के विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने पड़ते है, इससे राहत पहुंचाने के प्रयोजन से ही आज मोहल्ला लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोगों को स्थल पर ही उनके मामलों को निराकरण किया जा सके, उक्त उद्बोधन राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के कार्यपालक अध्यक्ष जस्टिस गौतम भादुड़ी ने देश की पहली मोहल्ला लोक अदालत का छत्तीसगढ़ में जिला न्यायालय, बिलासपुर से शुभारम्भ करते हुए चलित लोक अदालत वैन को हरी झण्डी रवाना करते हुए कहा।  

उन्होंने कहा कि सालसा का लक्ष्य है कि लाईन में खड़े अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचे, इस कान्सेप्ट को ध्यान में रखते हुए काफी समय से लोगों की बुनियादी समस्याओं को महसूस करते हुए यह विचार किया जा रहा था कि लोगों की स्वास्थ्य, बीमा, शिक्षा, यातायात, सफाई, सडक़, बिजली, पेयजल जैसी समस्याओं का निराकरण किस तरह से किया जावे।  लोग इन समस्याओ को लेकर विभिन्न जगहों पर आवेदन लेकर घूमते रहते थे। 

कलेक्टर के पास और जनदर्शन में लाईन लगाते थे, इन समस्याओ के निराकरण में काफी लम्बा समय लगता है। नालसा का यह भी उददेश्य है कि लोगों को उनके द्वार तक पहुंचकर सस्ता और सुलभ न्याय दिलाया जाये।  जब हमने मोहल्ला लोक अदालत के संबंध में विचार विमर्श किया, यह अपने आप में एक अभिनव विचार था, न्यायाधीशों को अपने कोर्ट रूम से उठकर मोहल्लों तक जाना और वहां पर सुनवाई करना इसके लिए योजनाएं बनाई गई और आज सभी हमारे न्यायाधीशों के सुझाव एवं सहयोग के बाद इसे क्रियान्वयन करने का अवसर आ गया है। उन्होंने कहा कि लोगों की इन समस्याओं के निराकरण के लिए शासन जिम्मेदार है और इसके लिए स्थायी लोक अदालत का गठन भी किया गया है परन्तु जानकारी के अभाव में लोग यहां तक नहीं पहुंच पाते है तब हमने यह विचार किया कि हम स्वयं पीडि़तों तक पहुंचे और इसी कारण हमने मोहल्ला लोक अदालत का नाम देते हुए लोगों तक पहुंचने का कार्य प्रारंभ किया है। स्थायी लोक अदालत के आदेश की कोई अपील नहीं होती है और यदि इसके पावर को देखा जाये तो यह समझा जाये कि इसका आदेश उच्च न्यायालय के आदेश के समान पावरफूल है। मेरी, आप सभी लोगों से अपील है कि इसका अधिक से अधिक लोगों तक प्रचार व प्रसार किया जाये। 

आज ही बिलासपुर के अलावा रायपुर में भी मोहल्ला लोक अदालत ने कार्य करना प्रारंभ कर दिया।  शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर जिला न्यायालय बिलासपुर के जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  अशोक साहू, प्रधान न्यायाधीश रमाशंकर प्रसाद, छ.ग.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव आनंद प्रकाश वारियाल सहित बड़ी संख्या में न्यायाधीश एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

मिनी बस्ती जरहाभाठा  में 96 आवेदनों का निराकरण

जिला न्यायालय से रवाना होकर लोक अदालत वैन मिनी बस्ती जरहाभाठा में पहुंची, जहां स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष श्री पंकज जैन ने सदस्यों के साथ मिलकर प्राप्त 121 आवेदनों में से 96 आवेदनों का स्थल पर निराकरण कर आदेश पारित किया जो कि मुख्यत: साफ-सफाई, सडक़, बिजली, पानी आदि से संबंधित थे। मोहल्लों वालों के आवेदन पर एक सुलभ शौचालय के निर्माण के भी आदेशित किया गया। 

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *