विवेकानंद युवाओं के प्रेरणास्त्रोत-धरमलाल
राष्ट्रीय युवा दिवस पर भाजयुमो ने किया मैराथन दौड़ का आयोजन
बिलासपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला बिलासपुर द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। जिला स्तरीय मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रात: पं.देवकीनंदन चौक से किया गया जो चांटापारा, मेन पोस्ट आफिस, नेहरू चौक, राजेन्द्र नगर चौक, सिविल लाईन रोड, सिविल लाइन थाना के सामने से ईदगाह चौक मिशन हास्पिटल रोड होते हुए कंपनी गार्डन में समापन हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छ.ग. विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने युवा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत है और भारतीय इतिहास के सबसे प्रभावशाली नेतृत्वकर्ताओं में से एक थे। भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है, जिसकी लगभग 65 प्रतिशत जनसंख्या 35 वर्ष से कम आयु की है। युवा वर्ग वास्तव में किसी भी देश की आबादी का सबसे गतिशील और जीवंत हिस्सा होता हैं। ऐसे में यह जरूरी है की युवाओं के व्यक्तित्व का विकास किया जाए और उन्हें विभिन्न राष्ट्र निर्माण गतिविधियों में शामिल किया जाए। भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत ने स्वामी विवेकानंद जी की जयंती उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई दी और कहा कि 12 जनवरी का दिन देश में स्वामी विवेकानंद जयंती के तौर पर मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद के ओजपूर्ण विचार हर वर्ग, जाति धर्म के लोगों को हमेशा प्रेरित करते रहे है। निराशा से भरे जीवन को ऊर्जा से भर देने वाले उनके विचारों के चलते ही स्वामी जी के जन्मदिन को देशभर में राष्ट्रीय युवा दिवस के तौर पर मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद जी के ओजपूर्ण विचार हमेशा से युवाओं को प्रेरित करते रहे है इसलिए साल 1985 में भारत सरकार ने स्वामी जी के जन्मदिन को राष्ट्रीय युवा दिवस के तौर पर मनाने का फैसला लिया।

