गरीब परिवारों को रियायती दर पर भूपेश सरकार दे रही जमीन-रामशरण
मेयर यादव, विधायक सिंह व सभापति नजीरुद्दीन ने वार्ड क्रमांक 49 में 116 हितग्राहियों को आबादी जमीन का अधिकार पत्र सौंपा
बिलासपुर। आबादी जमीन पर झोपड़ी बनाकर गुजर-बसर करने वाले परिवारों को सिर्फ एक ही चिंता रहती है कि कहीं उनका आशियाना न छीन जाए। नोटिस मिलने पर वे घबरा जाते हैं। नेताओं के आगे-पीछे घूमते रहते हैं, लेकिन जब से छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की सरकार आई है, तब से वे गरीबों की चिंता हरने का काम कर रहे हैं। आबादी जमीन का मालिकाना हक देकर सीएम श्री बघेल ने आशियाना छीनने के डर को ही खत्म कर दिया है।
ये बातें महापौर रामशरण यादव ने बुधवार को जोन क्रमांक 7 के वार्ड क्रमांक 49 में आयोजित पस वितरण कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय क्षेत्र में जो परिवार सालों से आबादी जमीन पर घर बनाकर रह रहे हैं, उन्हें उस जमीन का मालिकाना हक देने के लिए सीएम श्री बघेल ने राजीव गांधी आश्रय योजना लागू की है। इसके तहत नगर निगम में जुड़े नए वार्डों में सर्वे कर पस बांटे जा रहे हैं। यह जमीन गरीबों को 100 रुपए वर्गफीट पर दी जा रही है। मेयर श्री यादव ने कहा कि 10 साल में सिर्फ 70 हजार रुपए पटाने पर यह जमीन आपकी हो जाएगी। इसलिए थोड़ी-थोड़ी बचत कर हर साल 7 हजार रुपए का जरूर भुगतान करें। इस अवसर पर मेयर श्री यादव, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, सभापति शेख नजीरुद्दीन ने 116 हितग्राहियों को आबादी जमीन का पस बांटा। मेयर श्री यादव ने कहा कि सर्वे में 139 हितग्राहियों का और नाम है, जिन्होंने प्रथम किश्त का भुगतान नहीं किया है। इसलिए उनका पस रोका गया है। उन्होंने उपस्थित हितग्राहियों से कहा कि वे यहां से जाकर उन परिवारों बताएं कि जिस जमीन का पस दिया जा रहा है, पूरी किश्त अदा करने पर यह जमीन उनकी खुद की हो जाएगी। इसलिए किश्त का भुगतान कर अपना पस प्रा’ कर लें। मेयर ने जोन कमिश्नर और वार्ड पार्षद अहिल्या वर्मा को छूटे हुए परिवारों का सर्वे कर सूची में नाम जुड़वाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य राजेश शुक्ला, बिल्हा जनपद के उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, पार्षद प्रतिनिधि पुरुषोत्तम पटेल, पंचराम सूर्यवंशी, जोन कमिश्नर रंजना अग्रवाल, राकेश वर्मा आदि मौजूद रहे।
बहतराई और बिजौर हाईस्कूल की 58 छात्राओं को साइकिलें बांटीं
मेयर श्री यादव, बेलतरा विधायक श्री सिंह और सभापति श्री नजीरुद्दीन ने बुधवार को नवमीं कक्षा में पढऩे वाली 58 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बहतराई की 11 व बिजौर की 48 छात्राएं शामिल हैं। मेयर श्री यादव ने कहा कि वर्तमान में अनुसूचित जाति, जनजाति और बीपीएल परिवार की बच्चियों को साइकिलें दी जा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री बघेल को नवमीं कक्षा की सभी छात्राओं को नि:शुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना का लाभ दिलाने के लिए पत्र लिया है। इस संदर्भ में जल्द ही शासन से उचित निर्णय लिया जा सकता है।

