बर्जेश स्कूल में पार्षद उपचुनाव की मतगणना आज
12 बजे तक आ जाएंगे चुनाव परिणाम, 2 टेबलों पर होगी मतगणना
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बिलासपुर। नगर निगम में पार्षद उप चुनाव के लिए मतों की गणना 12 जनवरी को बर्जेश स्कूल में होगी। सवेरे 9 बजे से मतगणना शुरू होगी। निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक कार्तिकेया गोयल, कलेक्टर सौरभ कुमार एवं एसएसपी पारूल माथुर की मौजूदगी एवं निगरानी में मतगणना होगी। जिला निर्वाचन कार्यालय मतगणना संबंधी तमाम प्रशासनिक तैयारियां द्वारा पूरी कर ली गई है।

नगर पालिक निगम बिलासपुर के वार्ड नम्बर 16 विष्णुनगर का उप चुनाव 9 जनवरी को संपन्न हुआ था। चुनाव में 52.18 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले थे। वार्ड के कुल 7717 मतदाताओं में से 4027 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें 2015 महिलाएं एवं 2012 पुरूष मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान के लिए 8 मतदान केन्द्र बनाये गये थे। इनमें 8 मतपेटियों का इस्तेमाल किया गया था। पार्षद बनने चुनाव में तीन उम्मीदवारों ने के भाग्य आजमाया है। सभी मतपेटियों की मतगणना एक साथ न होकर चरणवार होगी। प्रत्येक चरण में दो मतपेटियों की गणना की जायेगी। इस प्रकार मतगणना के कुल चार रााउण्ड होंगे। प्रत्येक टेबल पर एक मतपेटी के मतों की गिनती की जायेगी।
एक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक एवं दो गणना सहायकों की ड्यूटी लगाई गई हैं। उन्हें पूरी प्रक्रिया के बारे में अच्छी तरह से प्रशिक्षित किया जा चुका है। केवल पासधारी व्यक्ति ही मतगणना स्थल पर पहुंच सकेंगे। गणना में ड्यूटीरत कर्मचारियों को सवेरे 8 बजे एवं प्रत्याशी, एजेन्ट एवं पासधारी मीडिया कर्मियों को साढ़े 8 बजे तक मतगणना स्थल पहुंचने कहा गया है। मतगणना स्थल पर मीडिया कर्मियों द्वारा वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी रिटर्निंग अफसर की देखरेख में पर्याप्त दूरी से की जा सकेगी। किसी भी स्थिति में मतपत्रों की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी नहीं की जा सकेगी। सुरक्षा की भी पुख्ता व्यवस्था पुलिस द्वारा की गई है।
1500 से अधिक वोट पाने वाले प्रत्याशी की जीत की संभावना
कांग्रेस का दावा अनीता की जीत होगी,भाजपा व निर्दलीय भी जीत को लेकर आश्वस्त
वार्ड क्रमांक 16 विष्णु नगर में कुदुदंड में अब नया पार्षद कौन होगा। कांग्रेस के नेता कश्यप अनीता कश्यप भाजपा की श्रद्धा जैन तथा निर्दलीय शैल यादव के बीच कल तय होगा कि इन तीनों महिलाओं में से कुदुदंड की बागडोर किसके हाथ में होगी। भाजपा की श्रद्धा जैन ने अपनी जीत का दावा किया है और निर्दलीय उम्मीदवार शैल यादव भी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के दिग्गज नेता भी अनीता कश्यप की जीत को लेकर अपने-अपने दावे कर रहे हैं। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पांडे का दावा है कि खुद में कांग्रेस के पक्ष में माहौल रहा और कल वोटों की गिनती में कांग्रेस का पार्षद ही निर्वाचित अनीता कश्यप कांग्रेस की पार्षद निगम में पहुंचेगी। वहीं दूसरी ओर भाजपा की श्रद्धा जैन भी कुदुदंड मैं उनके परिवार के द्वारा किए गए कार्य को लेकर हैं। जीत का दावा कर रही हैं। कुदुदंड वार्ड क्रमांक 16 में 4020 वोट पड़े हैं जो उम्मीदवार 15 सौ से अधिक वोट पाएगा जीत उसी की मानी जा रही है।

