कलेक्टर के आदेश पर स्कूल का समय बदला
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर की वजह से तीन दिन की छुट्टी के बाद स्कूल तो फिर से खुल गये हैं, लेकिन अब स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब तक प्रदेश के चार जिलों में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया जा चुका है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव के बाद अब बिलासपुर जिले में भी स्कूल की टाइमिंग में बदलाव हुआ है। इस सम्बन्ध में बिलासपुर कलेक्टर सौरभ कुमार ने आदेश जारी किया है, आदेश में शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त शालाओं की स्कूल टाईमिंग में बदलाव किया गया है। दो पाली में संचालित होने वाले स्कूलों में सुबह की पाली 8 बजे से शुरू होगी। वहीं दूसरी पाली की कक्षाएं 12.30 बजे से 4.30 बजे तक चलेगी। एक पाली वाली कक्षाएं सुबह 10 बजे से शाम के 4.30 बजेे तक चलेगी। गौरतलब हो कि बढ़ती ठंड को देखते हुए कलेक्टर ने आदेश जारी किया है। बिलासपुर के पहले अन्य जिलों में ठंड को देखते हुए स्कूलों का टाइमिंग को बदला गया था। अब बिलासपुर के सभी स्कूलों में भी छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने स्कूलों का समय बदला है। इसके पहले कड़ाके ठंड को देखते हुए स्कूलों में तीन दिनों का अवकाश घोषित किया गया था।

