नशे में दादा के अंतिम संस्कार में आने से रोका तो चाकू चलाया
घायल को अस्पताल लेकर जा रहे थे परिजन रास्ते में हो गई मौत
आरोपी गिरफ्तार,चाकू भी बरामद
बिलासपुर । अपने दादा की मौत के बाद युवक ने पड़ोसी को शराब पीकर आने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर पड़ोसी ने युवक को धारदार हथियार से मारकर घायल कर दिया।
घायल को स्वजन अस्पताल लेकर जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना पर बेलगहना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वही मंगलवार को दादा पोते का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया है।
बेलगहना चौकी प्रभारी ने बताया कि हेमंत सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम बेलगहना के ढोलमौहा में रहने वाले लवन सिंह पैकरा की मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर गांव के लोग उसके घर आने लगे।
इसी दौरान गांव में रहने वाला दिलेश पैकरा(20) शराब के नशे में वहां आया। उसकी हरकतों को देखकर लवन सिंह के पोते शिवनाथ पैकरा(30) ने उसे घर के अंदर आने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दिलेश ने उससे विवाद किया। इसी बीच उसने जान से मारने की धमकी देकर अपने पास रखे चाकू को निकाल लिया। समझाइश देने पर उसने शिवनाथ पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद युवक वहां से भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने घायल शिवनाथ को सिम्स लेकर जा रहे थे।
रास्ते में घायल की मौत हो गई। इसकी सूचना पर पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इस बीच आरोपी अपने ठिकाने से फरार हो गया था। उसके स्वजन से पूछताछ कर ग्राम उपका में दबिश दी गई। आरोपी वहां से भागने की फिराक में था।
जवानों ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से चाकू जब्त की गई है। इधर पुलिस ने पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। मंगलवार को ही गांव में दादा पोते का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया है।

