ठिठुराने वाली रहेगी रात, सावधानी से करें नए साल का स्वागत
जनवरी के शुरुआती दो सप्ताह में तापमान में लगातार गिरावट के संकेत
बिलासपुर। शहर समेत प्रदेश में अब ठंड प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। शनिवार को दिन की शुरुआत भी ठिठुरन के साथ हुई है। दोपहर में भी अब शहरवासी धूप का आनंद ले रहे हैं। जबकि 31 दिसंबर की ये रात भी ठिठुरन भरी ही रहने वाली है। ऐसे में नए साल के स्वागत का जश्न मनाते हुए इसे भी ध्यान में रखना जरूरी है, क्योंकि इससे स्वास्थ्य पर विपरीत असर भी पड़ सकता है। पारा अभी दिन का अधिकतम 29 डिग्री तो रात का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास चल रहा है।

शहर मौसम पिछले लगभग एक सप्ताह तक बदला हुआ था। ठंड एकदम से गायब हो गई थी और हल्की गर्मी तक महसूस की जा रही थी। इसके बाद बीते बुधवार की रात से वातावरण शुष्क हुआ और ठंड बढऩे लगी थी। शुक्रवार की रात भी कड़ाके की ठंड पड़ी। इधर, मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण पूर्वी हवाओं का प्रभाव अब समाप्त हो गया है। इससे उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हिमालयन हवाओं का प्रदेश में निर्बाध प्रवेश लगातार हो रहा है। इससे शहर ठंड के आगोश में चला गया है। बाहर कामकाज के सिलसिले में रहने वाले कामकाजी लोग भी रात में अलाव जलाकर समय बीता रहे हैं। वहीं शाम होते ही घर में मौजूद लोग बिस्तर में गर्म कपड़ों में दुबक रहे हैं। जहां तक तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं रात न्यूनतम तापमान अब गिरकर 11.6 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से न सिर्फ एक डिग्री कम है, बल्कि इस साल सीजन का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान भी है। जबकि मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पारा अभी लगातार गिरेगा। वातावरण पूरी तरह शुष्क है, जिसका असर शहर के तापमान पर पड़ेगा। रात में ठंड तो रहेगी ही, साथ ही दिन में भी ठंड बढ़ेगी और अधिकतम तापमान ज्यादा नहीं पहुंच सकेगा। यानी आने वाले दिनों में रात के साथ ही दिन में भी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।

