बाबा के बताए मार्ग पर चलकर छत्तीसगढ़ का तेज गति से विकास कर रही है कांग्रेस सरकार-भूपेश
मोतिमपुर स्थित अमरटापू धाम में आयोजित समारोह में शामिल हुए सीएम व नगरीय प्रशासन मंत्री
बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ बाबा गुरु घासीदास के बताए सत्य, अहिसा, भाईचारा, बंधुत्व, समानता और सद्भाव के मार्ग पर चलकर तीव्र गति से विकास कर रहा है। अनुसूचित जातियों को वर्तमान जनसंख्या के अनुसार 13 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने भारत सरकार से 2021 की जनगणना शीघ्र कराने की मांग करते हुए कहा कि नई जनगणना के अनुरूप अनुसूचित जाति को तत्काल आरक्षण प्रदान किया जाएगा।
वे रविवार को मुंगेली जिले के ग्राम मोतिमपुर स्थित अमरटापू धाम में गुरु घासीदास जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एक दिवसीय गुरु पर्व समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लालपुर व अमरटापू धाम के विकास के लिए डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक राशि देने की घोषणा की। उन्होंने अमरटापू धाम में गुरु पर्व समारोह आयोजित करने के लिए हर साल 10 लाख रुपए देने का भी वायदा किया। सीएम श्री बघेल ने क्षेत्र के बच्चों को अंग्रेजी शिक्षा दिलाने के लिए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल और धान खरीदी केंद्र अगले साल से खोलने का वायदा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने सत्य पर चलने का रास्ता दिखाया है। राज्य शासन बाबा के बताए गए रास्ते पर चल रहा है। उनका सामाजिक समरसता का संदेश आज भी प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने अर्थव्यवस्था में मजबूती लाने का कार्य किया है। यहां किसानों को उनकी मेहनत का पूरा दाम मिल रहा है। उनका कृषि ऋण और सिचाई कर माफ किया गया है। समर्थन मूल्य पर लघु वनोपजों तथा उड़द, मूंग और अरहर की खरीदी की जा रही है। गन्ना के खरीदी मूल्य में वृद्धि की गई है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य आदि व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए जीर्ण-शीणह और मरम्मत योग्य स्कूलों तथा अन्य शासकीय भवनों की मरम्मत के लिए एक हजार करोड़ रुपए तथा तकनीकी शिक्षा की मजबूती के लिए 1200 करोड़ रूपए की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि बाबाजी के संदेश मानवता की सेवा का अनुकरण करते हुए राज्य शासन द्बारा देश में कोरोना के दौरान लागू लॉक-डाउन में गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वालों को तीन माह तक नि:शुल्क राशन दिया गया है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास के बताए गए मार्ग पर चलकर हमें आगे बढऩा है, तभी छत्तीसगढ़ राज्य आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ की परम्परा और संस्कृति को आगे बढ़ाने और सामाजिक समरसता को बनाए रखने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में गुरु घासीदास शोध पीठ और संग्रहालय की स्थापना तथा प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए अनुसूचित जाति के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की कोचिग सुविधा उपलब्ध कराने हेतु भूमिपूजन किया है। इनकी स्थापना से समाज के युवाओं को आगे बढऩे का मौका मिलेगा। लालपुर धाम में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, महापौर रामशरण यादव, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण राय आदि मौजूद रहे।
मेयर ने अरपा के दोनों किनारे की सडक़ व बैराज का काम पूरा कराने का किया आग्रह
मोतिमपुर में आयोजित समारोह में मेयर श्री यादव ने मुख्यमंत्री श्री बघेल व नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. डहरिया से बिलासपुर नगर निगम के चौतरफा विकास को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उन्हें बताया कि अरपा नदी के दोनों किनारे सडक़ निर्माण और दो बैराज का काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। मेयर की बातों को गंभीरता से लेते हुए सीएम व नगरीय प्रशासन मंत्री ने जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया है।
लालपुर में आरक्षण के मुद्दे पर सीएम का विरोध अनुसूचित वर्ग को 16 प्रतिशत आरक्षण की मांग

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आज मुंगेली के लालपुर में गुरू घासीदास जयंती समारोह में आरक्षण के मुद्दे पर विरोध का सामना करना पड़ा। 16 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रहे लोगों ने काला झंडा दिखाया और वापस जाओ की तख्तियां लहराते हुए नारेबाजी की। ये लोग अनुसूचित जाति वर्ग को 16 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री बघेल जैसे ही इस समारोह में बोलने के लिए उठे श्रोताओं में शामिल कुछ लोगों ने 16 प्रतिशत आरक्षण को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। ये लोग मुख्यमंत्री वापस जाओ की तख्तियां लिए हुए थे। नारेबाजी होता देख मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हें रोका न जाए, आने दिया जाए। उन्होंने नारेबाजी कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि वे सबसे बात करेंगे। उल्लेखनीय है कि सरकार ने विधानसभा में पारित आरक्षण संशोधन विधेयक में अनुसूचित जाति वर्ग को 13 प्रतिशत आरक्षण दिया है। वर्ष 2012 में भाजपा सरकार ने इस वर्ग का आरक्षण घटाकर 12 प्रतिशत कर दिया था। इससे पहले इस वर्ग को 16 प्रतिशत आरक्षण था, जिसे वे बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

