हिस्ट्रीशीटर हत्याकांड में इस्तेमाल कार भरनी परसदा में मिली
पुलिस को मृतक के ही भाई पर संदेह, घटना के बाद से है फरार
बिलासपुर । हिस्ट्रीशीटर संजू उर्फ प्राण नाथ त्रिपाठी हत्याकांड में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगा है। हत्यारे जिस कार में सवार होकर पहुंचे थे वह कार पुलिस के हाथ लग गई है। पुलिस को शक था कि हत्यारे रायपुर की ओर भागे हैं इसलिए वह टोल नाका में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक करती रही । इधर शूटर्स की कार भरनी परसदा गांव में पोड़ी रोड पर मिली है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कार का नंबर प्लेट बदला गया है। अब यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि शूटर बिलासपुर कोटा रोड से भागने में कामयाब हो गए हैं।
पता चला है कि हिस्ट्रीशीटर संजू त्रिपाठी को अपनी हत्या होने का एहसास हो गया था। उस पर 30 से अधिक मामले दर्ज थे। कई लोगों से दुश्मनी की वजह से उसके सर पर मौत मंडरा रही थी। उसने घटना वाले दिन शाम 4 बजे अपनी पत्नी को फोन कर यह बात बताई थी कि उसकी हत्या हो सकती है, इसलिए वह शहर से बाहर भागना चाहता है। पत्नी को बैग पैक कर गार्ड को देने के लिए कहा गया था। लेकिन इससे पहले ही सकरी में शाम करीब 4.20 पर शूटर्स ने गोली मारकर उसकी जान ले ली। पता चला कि संजू के कार के आगे एक सफेद रंग की कार अड़ा दी गई, जिससे संजू को अपनी कार रोकने पड़ी। इसी दौरान पीछे के कार से हमलावर निकल कर आए और 8 राउंड फायरिंग कर दी। संजू की मौके पर ही मौत हो गई। इधर पुलिस को शक है कि इस हत्याकांड के पीछे संजीव त्रिपाठी के ही भाई कपिल त्रिपाठी की भूमिका हो सकती है, क्योंकि घटना के बाद से कपिल त्रिपाठी फरार हो गया है। उसका लोकेशन भिलाई के आसपास मिला है। फरार होने से पहले कपिल त्रिपाठी ने अपने घर में मौजूद सीसीटीवी का डीवीआर भी डिलीट कर दिया था। संजू त्रिपाठी का भाई कपिल त्रिपाठी भी आदतन अपराधी है। कभी दोनों हर अपराध के पार्टनर हुआ करते थे, लेकिन जमीन विवाद में अपने ही भाई से कपिल की ठन गयी। संजू की अपने पिता जय नारायण त्रिपाठी से भी नहीं बनती थी। करीब 7 माह पहले संजू त्रिपाठी ने कपिल पर जानलेवा हमला कर दिया था। दोनों एक दूसरे के खून के प्यासे बन गए थे। पुलिस को शक है कि सुपारी देकर कपिल त्रिपाठी भी हत्या करवा सकता है। इसके अलावा भी कई और लोगों से संजू की दुश्मनी रही है । जिसमें निर्मलकर ब्रदर्स भी शामिल है। हाल ही में एक गवाह को संजू ने धमकाया था। इसका भी संबंध इस हत्याकांड से हो सकता है। पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है। पुलिस को हत्यारों की कार के रूप में एक सुराग मिला है। पुलिस मानकर चल रही है कि शार्प शूटर प्रोफेशनल थे, इसलिए उन्होंने इतने सटीक तरीके से वारदात को अंजाम दिया है।
फार्म हाउस में शूटर्स के रुकने के सबूत

संजू की हत्या की प्लानिंग उसके भाई कपिल त्रिपाठी के सकरी के घुरू स्थित फार्म हाउस में की गई थी। शूटर बीते एक सप्ताह से यहां रुके हुए थे और लगातार संजू की रेकी कर रहे थे। पुलिस भी अब इस एंगल पर जांच कर रही है और यहां आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। शूटर सकरी थाना क्षेत्र के अमेरी के कपिल त्रिपाठी के फार्म हाउस के पीछे खंडहरनुमा मकान में आकर रुके थे। जिस जगह पर संदेही ठहरे हुए थे, वहां से बड़ी मात्रा में शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल, सिगरेट के रैपर के साथ ही अन्य प्रांतों में नशे में उपयोग किए जाने वाले पदार्थ के अवशेष मिले हैं। यहां सिगरेट के पैकेट्स के साथ ही एनर्जी ड्रिंक के डिब्बों को जलाकर नष्ट किया गया है।

एसएसपी ने बनाई 22 अधिकारियों की जंबो टीम
संजू त्रिपाठी हत्याकांड के आरोपियों की पतासाजी व जांच के लिए एसएसपी पारुल माथुर ने 22 अधिकारियों की एक टीम बनाई है। टीम मे सहायक पुलिस महानिरीक्षक दीपमाला कश्यप, सिविल लाइन सीएसपी आईपीएस संदीप पटेल, सहित थानों के निरीक्षक और ्रएसीसीयू के अधिकारियो और जवानों को शामिल किया गया है।

