नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर प्रधानमंत्री आज करेंगे शुभारंभ
मध्य भारत की पहली व देश की छठवीं वंदे भारत एक्सप्रेस का बिलासपुर-नागपुर-बिलासपुर के बीच परिचालन आज से
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 दिसंबर को नागपुर – बिलासपुर वंदे भारत उदघाटन स्पेशल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे । गाड़ी संख्या 20825/20826 बिलासपुर-नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सेवा सप्ताह में छह दिन (शनिवार को छोडक़र) दोनों छोर से संचालित की जाएगी । इस ट्रेन के रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव एवं गोंदिया स्टेशनों में स्टॉपेज दिए गए है । वंदे भारत एक्सप्रेस के स्वागत अवसर पर बिलासपुर स्टेशन में संध्या रेल परिवार के सदस्यों द्वारा विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कत्थक, कुचीपुड़ी, भरतनाट्यम, बीहू, ग्रुप डांस आदि की प्रस्तुति दी जाएगी। गाड़ी के आने के उपरांत इस गाड़ी के प्रथम यात्रियों एवं क्रू स्टाफ का भव्य स्वागत भी किया जाएगा। इस दौरान यात्रियों से इस गाड़ी के यात्रा अनुभव के बारे में फीडबेक भी लिया जाएगा।
वंदे भारत एक्सप्रेस की विशेषताएं
न्यू वंदे भारत रेक इंटीग्रल कोच फैक्ट्रीद्वारा मेक इन इंडिया के तहत स्वदेशी रूप से निर्मित एक सेमी हाई स्पीड ट्रेन है, और विमान जैसी यात्रा अनुभव प्रदान करता है । यह उन्नत और सुरक्षा सुविधाओं से लैस है जिसमें स्वदेशी रूप से विकसित कवच ट्रेन टक्कर बचाव प्रणाली शामिल है। सभी कोच स्वचालित दरवाजों, मनोरंजन के उद्देश्य से ऑन-बोर्ड हॉटस्पॉट वाई-फाई और बहुत आरामदायक बैठने से सुसज्जित हैं । सभी शौचालय बायो-वैक्यूम प्रकार के हैं । प्रत्येक कोच में गर्म भोजन, गर्म और ठंडे पेय पदार्थ परोसने की सुविधा के साथ पेंट्री है । इसमें वाई-फाई सामग्री ऑन-डिमांड सुविधा भी है और प्रत्येक कोच यात्री सूचना और इंफोटेनमेंट प्रदान करने वाली 32 स्क्रीन से सुसज्जित है । विकलांग यात्रियों की सुविधा के लिए, ब्रेल अक्षरों में सीट नंबर के साथ सीट हैंडल, सभी कक्षाओं में बैठने वाली सीटें और एक्जीक्यूटिव कारों में 180 डिग्री घूमने वाली सीटें प्रदान की गई हैं । इस ट्रेन में कोच के बाहर चार प्लेटफॉर्म साइड कैमरे भी दिए गए हैं, जिनमें रियर व्यू कैमरे भी शामिल हैं।

