26 जनवरी से ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ होगा शुरू
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी दक्षिण से भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। उनकी यात्रा को मिल रहे समर्थन से उत्साहित कांग्रेस पार्टी ने आगे का प्लान भी तैयार कर लिया है। आज इसकी घोषणा करते हुए कांग्रेस ने ऐलान किया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद वह आगामी 26 जनवरी से देशभर में ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ शुरू करेगी। इसके तहत ब्लॉक, पंचायत और बूथ स्तर पर जनसंपर्क किया जाएगा। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के समापन के बाद आगामी 26 जनवरी से देश भर में ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान की तैयारी है। वेणुगोपाल ने बताया कि दो महीने तक चलने वाले इस अभियान में राहुल गांधी का पत्र भी लोगों को सौंपा जाएगा जिसमें यात्रा का संदेश होगा। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ ‘आरोप पत्र’ भी संलग्न होगा।
तीन स्तरीय होगा कार्यक्रम
उन्होंने कहा, ‘इस यात्रा के बाद ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के तहत तीन स्तरीय कार्यक्रम होगा। ब्लॉक और बूथ के स्तर पर यात्राएं होंगी, जिला स्तर पर अधिवेशन होंगे और राज्य के स्तर पर रैलियां होंगी।’ रमेश ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ से संबंधित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
राज्यसभा में पार्टी के नेता बने रहेंगे खडग़े
मल्लिकार्जुन खडग़े राज्यसभा में विपक्ष के नेता बने रहेंगे। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि खडग़े न केवल पार्टी अध्यक्ष के रूप में, बल्कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता के रूप में भी विपक्षी दलों के साथ जुड़ेंगे। ऐसे में अगर खडग़े दो पद संभालते हैं तो यह कांग्रेस की ‘एक व्यक्ति, एक पद’ पॉलिसी के उलट होगा।
खडग़े जवाबदेही की जरूरत पर दिया जोर
खडग़े ने बैठक की शुरुआत में संगठन में ऊपर से लेकर नीचे तक जवाबदेही की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि जो लोग अपनी जिम्मेदारी निभाने में अक्षम हैं, उन्हें नए लोगों को मौका देना चाहिए। पार्टी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी पहले खुद की जिम्मेदारी सुनिश्चित करें और जनांदोलन के संदर्भ में 30 से 90 दिनों के भीतर रूपरेखा तैयार करें।
फरवरी में कांग्रेस का रायपुर में अधिवेशन
कांग्रेस का तीन दिवसीय अधिवेशन अगले साल फरवरी महीने में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होगा। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। पार्टी के अधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर खरगे के निर्वाचन पर मुहर लगेगी और नई कार्य समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। खरगे के अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार संचालन समिति की बैठक हुई है। पिछले महीने पार्टी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद मल्लिकार्जुन खडग़े ने पार्टी के शीर्ष निकाय कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के स्थान पर इस संचालन समिति का गठन किया था। बैठक में खडग़े के अलावा पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कई अन्य नेता शामिल थे।

