अच्छी शिक्षा लेकर राजनीति में आएं यादव समाज तरक्की करेगा- महापौर
घुटकू के रावत नाच महोत्सव में यदुवंशियों ने किया शौर्य प्रदर्शन
बिलासपुर। यादवों को श्रीकृष्ण का वंशज माना जाता है, लेकिन किसी भी यादव में उनका एक भी गुण दिखाई नहीं देता। अधिकांश यादव परिवार के मुखिया पैसे कमाने जाते हैं, लेकिन रास्ते में गंवा कर आ जाते हैं। इसलिए जरूरत है शिक्षित होने की। शिक्षित होने पर ही हम अपना भला और बुरा समझ सकते हैं। शिक्षा के साथ ही राजनीति में योगदान देने पर ही यादव समाज तरक्की कर सकता है।
ये बातें महापौर रामशरण यादव ने घुटकू में आयोजित रावत नाच महोत्सव में कहीं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल जब से सत्ता में आए हैं, तब से संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का काम कर रहे हैं। इससे पहले 18 साल तक प्रदेश में दूसरे मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन इतने सालों में छत्तीसगढ़ को पहचान नहीं मिली। आज छत्तीसगढ़ महतारी का राज गीत है। तस्वीर है। पिछले साल मुख्यमंत्री श्री बघेल ने लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित रावत नाच महोत्सव में शिरकत करने वाले हरेक दल को इनाम देने की घोषणा कराई थी, ताकि हमारे समाज के लोग अपनी संस्कृति को जीवित रख सकें। मेयर श्री यादव ने कहा कि वे मुख्यमंत्री से यह मांग करेंगे कि ताला, मल्हार महोत्सव की तरह रावत नाच महोत्सव का आयोजन भी संस्कृति विभाग करे। उन्होंने इस मांग को सीएम तक पहुंचाने के लिए पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव से आग्रह किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री श्रीवास्तव ने कहा कि श्रीकृष्ण को पूरा विश्व पूजता है। मेरे ख्याल से रावत नाच महोत्सव इसलिए आयोजित किया जाता है, क्योंकि देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु शयन कक्ष में चले जाते हैं और देवउठनी एकादशी के दिन वे जागते हैं। उनके जागने पर ही यादव समाज जश्न मनाते हुए सभी समाज को बताता है कि भगवान जाग गए हैं, अब कोई समस्या नहीं है। जिला पंचायत सभापति मीनू सुमंत यादव ने पर्यटन मंडल अध्यक्ष श्री श्रीवास्तव से गांव के महामाया मंदिर का जीर्णोद्धार कराने की मांग की। कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेशाध्यक्ष भुवनेश्वर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, तखतपुर के पूर्व विधायक जगजीत सिंह मक्कड़, तखतपुर से विधायक प्रत्याशी रहे संतोष कौशिक ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर हेमंत यादव, सतीश यादव, प्रमोद यादव, गोविंद यादव आदि मौजूद रहे।
भरनी के दल को मिला पहला इनाम
रविवार शाम 6 से घुटकू के मैदान में रावत नाच महोत्सव की शुरुआत हो गई थी। एक के बाद यदुवंशियों ने दलों में पहुंचकर अपना शौर्य दिखाया। श्रीकृष्ण के वेश में दलों में शामिल बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। देर रात तक कुल 10 दलों ने अपना प्रदर्शन किया। मेयर की धर्मपत्नी विनीता यादव व जिला पंचायत सभापति मीनू सुमंत यादव ने भरनी के दल को प्रथम इनाम के रूप में 11111 रुपए शील्ड व दूसरा स्थान प्रा’ करने वाले परसदा की टीम को 7111 रुपए व शील्ड देकर सम्मानित किया। इसी तरह से तृतीय, चतुर्थ व पंचम स्थान प्राप्त करने वाले दलों को भी पुरस्कृत किया गया। 5 दलों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।

