प्रियंक सिंह परिहार सर्वसम्मति से सर्व राजपूत क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष नियुक्त, बैठक में महाराणा प्रताप जयंती मनाने को लेकर बनाई गई रूपरेखा
गेड़ी नृत्य सहित झांकियां रहेगी आकर्षण की केंद्र
बिलासपुर। सर्व राजपूत क्षत्रिय समाज की बुधवार को बल्ले-बल्ले रेस्टोरेंट में एक बैठक हुई। इसमें प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी महाराणा प्रताप जयंती काे भव्य ढ़ंग से मनाने तैयारी को लेकर विचार-विमर्श किया गया। रूपरेखा बनाई गई।
बैठक में बनाई गई रूपरेखा के अनुसार 29 मई महाराणा प्रताप जयंती के दिन सुबह 9 बजे महाराणा प्रताप चौक में माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद शरबत का वितरण किया जाएगा। शाम 4 बजे से बाजे-गाजे व आकर्षक झांकी के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो कि गवर्मेंट स्कूल से निकल कर शहर भ्रमण करते हुए हनुमान मंदिर तिलक नगर पहुंचेगी। इस दौरान गेड़ी नृत्य सहित आकर्षक झांकियां आकर्षण की केंद्र रहेगी। बैठक में राजपूत रेजीमेंट के साथ ही सोशल मीडिया में आयोजन का अधिक से अधिक प्रचार करने पर भी चर्चा की गई। जयंती पर्व पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह उपस्थित सदस्यों से किया गया। इस मौके पर समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य भारी संख्या में उपस्थित थे। अंत में सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रियंक सिंह परिहार को समाज का अध्यक्ष नियुक्त किया।
आज से चलेगा संपर्क अभियान
महाराणा प्रताप शोभायात्रा की सफलता हेतु गुरुवार 15 मई से संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत राजपूत समाज के प्रतिनिधि स्व-जातीय बंधुओं से संपर्क करने गुरुवार को शाम साढ़े चार बजे से देवकीनंदन चौक से निकलेंगे एवं गांव-गांव जाकर जयंती पर्व को भव्य बनाने एकजुट होने का आग्रह करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य समाज के लोगों को अधिक से अधिक संख्यामें जुटाना है।

