फर्जी डिग्रीधारी कार्डियोलॉजिस्ट,अपोलो अस्पताल प्रबंधन और तत्कालीन सीएचएमओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर हाईलेवल जांच किए जाने की मांग, कांग्रेस डेलीगेशन ने कलेक्टर को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

फर्जी डिग्रीधारी कार्डियोलॉजिस्ट,अपोलो अस्पताल प्रबंधन और तत्कालीन सीएचएमओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर हाईलेवल जांच किए जाने की मांग, कांग्रेस डेलीगेशन ने कलेक्टर को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के प्रथम विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ल की अपोलो अस्पताल में कार्डियो सर्जरी के बाद हुई मौत और फर्जी डिग्रीधारी कार्डियोलॉजिस्ट नरेन्द्र विक्रमादित्य की सेवाएं लेने के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि मण्डल ने आज कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। डेलीगेशन में जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष विजय पाण्डेय, मस्तुरी विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, रश्मि आशीष सिंह, महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक, कांग्रेस नेता राजेंद्र साहू डब्बू और जगदीश कौशिक शामिल थे।
ज्ञापन में अपोलो अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए मांग की गई है कि – अपोलो में डॉ नरेन्द्र विक्रमादित्य को नौकरी पर रखते समय उनकी डिग्री और पूर्व के अनुभव सम्बंधी दस्तावेजों की जांच पड़ताल क्यों नहीं कराई गई? ज्ञापन में आरोप लगाते हुए कहा गया कि अपोलो अस्पताल ने अपने आपरेशन थियेटर को मौत का प्रयोगशाला बना दिया था जिसके चलते राजेन्द्र प्रसाद शुक्ल समेत कई अन्य लोगों की असामयिक मौत हो गई।

इन बिन्दुओं पर हो उच्च स्तरीय जांच

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ल की मृत्यु के बाद उनके पुत्र प्रोफेसर प्रदीप शुक्ला ने अपोलो हॉस्पिटल प्रबंधन के अलावा बिलासपुर सीएचएमओ से शिकायत दर्ज कराई थी। इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच क्यों नहीं कराई गई?
आईएमए के तत्कालीन अध्यक्ष डॉ कर्नल वाय. एस. दुबे ने अपने स्तर पर फर्जी कार्डियोलॉजिस्ट डॉ नरेन्द्र विक्रमादित्य के डिग्री की जांच कराई थी। जांच में डिग्री फर्जी पाया गया था और आईएमए अध्यक्ष ने तत्कालीन सीएचएमओ बिलासपुर और अपोलो अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी थी। आईएमए अध्यक्ष की रिपोर्ट को गंभीरता से क्यों नहीं लिया गया? लीपापोती की जगह समय पर वैधानिक कार्यवाही की गई होती तो कई बेकसूर लोगों की जान बच जाती।

शासन के 20 लाख रुपए लौटाएं अपोलो

कार्डियोलॉजिस्ट की हैसियत से डॉ नरेन्द्र विक्रमादित्य ने अपोलो अस्पताल में जितने भी आपरेशन किए उन सभी के परिजनों को आपरेशन सहित खर्च की पूरी राशि ब्याज सहित वापस लौटाएं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के इलाज के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 20 लाख रुपए दिया था। अपोलो अस्पताल प्रबंधन उस राशि को सरकारी खजाने में जमा कराएं।

हत्या के आरोप में हो एफआईआर और चलाया जाए मुकदमा

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई हैं कि तत्कालीन आईएमए अध्यक्ष की रिपोर्ट को दबा कर लीपापोती करने वाले तत्कालीन बिलासपुर सीएचएमओ और डॉ प्रताप रेड्डी चेयरमैन अपोलो ग्रुप, प्रीथा रेड्डी एक्ज़ीक्यूटिव चेयरमैन अपोलो ग्रुप, डॉ मनीष मट्टू रिजऩल हेड अपोलो अस्पताल ग्रुप, अर्णव राहा यूनिट हेड बिलासपुर अपोलो अस्पताल, फर्जी डॉक्टर नरेन्द्र विक्रमादित्य यादव के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाएं और मुकदमा चलाया जाएं।

क्षेत्र की जनता के साथ विश्वासघात

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि पूरे बिलासपुर संभाग के लोग उच्चस्तरीय सुविधा और अच्छे इलाज के मामले में अपोलो अस्पताल पर आंख बंद कर भरोसा रखते थे लेकिन फर्जी डिग्री कांड ने जनता का भरोसा तोड़ दिया है, अपोलो अस्पताल प्रबंधन द्वारा लोगों के साथ विश्वासघात किया है। मौजूदा समय में अपोलो अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों की डिग्री की जांच कर उन्हें सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

फर्जी डाक्टर नरेन्द्र विक्रमादित्य के विरुद्ध कार्रवाई और पं.राजेन्द्र प्रसाद शुक्ल के मृत्यु की विशेष जांच की मांग

कान्यकुब्ज विकास समिति का प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर और आईजी से मिले

नवयुवक कान्यकुब्ज विकास समिति ने आज कलेक्टर अवनीश शरण एवं आई जी पुलिस संजीव शुक्ला से भेंट कर 2006 में प0 राजेन्द्र प्रसाद शुक्ल पूर्व विधान सभा अध्यक्ष की जो हार्ट सर्जरी फर्जी डाक्टर नरेन्द्र विक्रमादित्य यादव ने की थी तो उस समय इस डाक्टर की नियुक्ति अपोलो में कैसे हो गयी फर्जी डिग्री रखने वाला यह डाक्टर कैसे कार्डियो सर्जरी कर रहा था इसके लिए अपोलो प्रबंधन भी जिम्मेदार है इसकी जांच की मांग अध्यक्ष अरविन्द दीक्षित सचिव मनोज शुक्ला उपाध्यक्ष राजीव अवस्थी कोषाध्यक्ष प्रभात मिश्रा के साथ कार्यकारणी सदस्य पूर्व विधायक चन्द्र प्रकाश बाजपेयी व अन्य सदस्यों ने की है। कलेक्टर ने इस पर शीघ्र हाई पावर कमेटी बना कर जांच किए जाने की बात कही है।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *