सराफा व्यवसायी की निर्मम हत्या, जांच में जुटी पुलिस, कार व सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर साथ ले गए नकाबपोश

सराफा व्यवसायी की निर्मम हत्या, जांच में जुटी पुलिस, कार व सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर साथ ले गए नकाबपोश

कोरबा। रविवार रात हुए एक सनसनीखेज घटनाक्रम में सराफा व्यवसायी गोपाल राय सोनी पर जानलेवा हमला उनके घर में किया गया, उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने अपनी जांच पड़ताल विभिन्न बिंदुओं पर शुरू कर दी है। घटना के बाद सोमवार की सुबह बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ. संजीव शुक्ला घटनास्थल पहुंचे। इसके पश्चात उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी घटनास्थल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार मृतक सराफा व्यवसायी गोपाल राय सोनी के एक परिचित ने बताया कि रविवार की रात 9.37 के आसपास उनकी फोन पर बात हुई थी और इसके बाद 10 बजे के बाद इस घटनाक्रम का पता चला। बताया गया कि गोपाल राय सोनी एसएस प्लाजा पावर हाउस रोड स्थित अमृता ज्वेलर्स दुकान से घर करीब 7-7.30 बजे लौटे थे और ड्राइवर उन्हें घर में छोडक़र तथा कार को घर के दूसरी ओर के गेट से भीतर खड़ी कर लौट गया था। गोपाल राय घर पर अपनी बीमार पत्नी के साथ मौजूद थे और उनका छोटा पुत्र नचिकेता जो बाहर काम करता है और फिलहाल वर्क फ्रॉम होम कर रहा है, वह पिता के आने के बाद कुछ देर के लिए घर से बाहर गया था। घर पर सिर्फ दो ही लोग थे और करीब 9.40 बजे तक सब कुछ सामान्य था।
इसके बाद घर पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने किसी धारदार हथियार से गोपाल राय के गर्दन पर संघातिक एक से अधिक बार प्रहार किया और फिर यहां से जाते-जाते चाबी हासिल कर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर साथ ले गए। सोफे पर रखा गोपाल का सूटकेश गायब है। घटनास्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। वारदातियों ने भागने के लिए गोपाल राय की क्रेटा कार का इस्तेमाल किया। करीब 10 बजे पुत्र नचिकेता घर लौटा तो पिता को इस हालत में देख अन्य लोगों को सूचना दिया व गोपाल राय को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर एसपी सिद्धार्थ तिवारी, सीएसपी भूषण एक्का, कोतवाली टीआई मोतीलाल पटेल, सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रमोद डडसेना, सीएसईबी चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव, साइबर सेल प्रभारी अजय सोनवानी मातहतों के साथ पहुंचकर मौका मुआयना किये और आवश्यक पूछताछ परिजनों से करते हुए जांच के अलग-अलग बिंदु तय कर उस पर काम शुरू कर दिया गया है। पूरी वारदात को दो नकाबपोशों ने महज 20 मिनट में अंजाम दिया और फरार हो गए। शहर के व्यस्ततम टीपी नगर क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात से सराफा व्यवसायी सहित नगरजन आक्रोशित है। सराफा एसोसिएशन ने घटना के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन करते हुए दो दिन सराफा बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है।

बिलासपुर आईजी ने किया मुआयना

बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने घटनास्थल लालूराम कालोनी टीपी नगर में सराफा व्यवसायी स्व.गोपाल राय सोनी के निवास पहुंच कर घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने स्व.गोपाल के पुत्र से घटना की जानकारी ली। आईजी ने मौका मुआयना किया व पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिये। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला व कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस की अलग-अलग टीम पतासाजी में जुटी है, फरार आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे ।

मंत्री लखनलाल देवांगन पहुंचे घटनास्थल

श्रम, वाणिज्य व उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सोमवार को सराफा व्यापारी गोपाल राय सोनी के निवास स्थान टीपी नगर पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के साथ घटना का जायजा लिया। श्री देवांगन ने गोपाल राय के परिवार जनों से मुलाक़ात कर अपनी संवेदना व्यक्ति की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से घटना के हर संभावित पहलू पर बारीकी से जांच कर आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के निर्देश दिए।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *