अटल बिहारी वाजपेयी के अटल संकल्प के कारण छत्तीसगढ़ का हुआ निर्माण-साव, हमने बनाया है, हम ही सवारेंगे
राज्योत्सव 2024 शासकीय योजनाओं की प्रर्दशनी देखने लोगों में रहा खासा उत्साह
राज्योत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा
बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आज का यह दिन आप सबके अभिनंदन और स्वागत का दिन है। बिलासपुर के ऐतिहासिक पुलिस ग्राउंड जो आपकी उपस्थिति बयां कर रही है आपका उत्साह। छत्तीसगढ़ में नया सवेरा हुआ है। हमने बनाया है, हम ही सवारेंगे इस मूल मंत्र को लेकर हम काम कर रहे हैं। उन्होंने स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व अटल बिहारी वाजपेई को भी याद करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। छत्तीसगढ़ महतारी की पावन भूमि है जहां बड़े-बड़े संत महात्मा, मनीषी, समाज सुधारक पैदा हुए हैं। हमारे श्री राम ने अपने वनवास के चौदह वर्षों में से छत्तीसगढ़ में 10 साल बिताए हैं। छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है।

अटल बिहारी वाजपेई के अटल संकल्प के कारण छत्तीसगढ़ का निर्माण हुआ। छत्तीसगढ़ के विकास की गूंज आज पूरी दुनिया में है। छत्तीसगढ़ की दशा और दिशा बदली है। छत्तीसगढ़ में विष्णु का सुशासन आया है। पौराणिक काल में छत्तीसगढ़ का जो वैभव और ऐश्वर्य रहा है वो ही वैभव और ऐश्वर्य स्थापित करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।
जिला स्तरीय राज्योत्सव के मौके पर पुलिस परेड मैदान स्थित मेला स्थल पर 41 विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। विकास कार्यों और योजनाओं को खूबसूरत तरीके से दिखाया गया है। इनमें प्रमुख रूप से जिला पंचायत, कृषि विभाग , वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग , जल जीवन मिशन, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, एसईसीएल आदि शामिल हैं।
विभागों द्वारा राज्य और केन्द्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। पुलिस विभाग द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे चेतना अभियान को प्रदर्शित किया गया है। आदिवासी विकास विभाग द्वारा पीएम जनमन योजना की जानकारी दी गई है। आदिवासी बसाहट में उनके लिए किए जा रहे किए गए कार्यों के बारे में बताया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्टॉल में महतारी वंदन योजना, महिला हेल्पलाइन नंबर 181, सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ’ जैसी महत्वपूर्ण योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना जैसी एक महत्वाकांक्षी योजना संचालित की जा रही है। इसी तरह सखी वन स्टॉप सेंटर पीडि़त व संकटग्रस्त, जरूरतमंद महिला सभी को एक ही छत के नीचे तत्काल सहायता प्रदान की जाती है। छत्तीसगढ़ महिला कोष ऋण योजना से महिला स्वसहायता समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की प्रदर्शनी में योजनाओं की जानकारी के साथ ही शुगर एवं बीपी की जांच की जा रही है। स्टॉल में ही आयुष्मान कार्ड भी बनाया गया। नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी खूबसूरत तरीके से दी गई। पशुपालन विभाग द्वारा मोबाइल पशु चिकित्सा वैन इकाई और 21 वी पशु संगणना की जानकारी दी गई है। कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, जैविक खेती,विभिन्न अनुदान योजना सहित कृषि आदान उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई। जिला पंचायत द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। यहां ड्रोन दीदी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। इसी प्रकार अन्य विभागों द्वारा भी राज्य सरकार की विकास गाथा को प्रदर्शित करते हुए स्टॉल सजाया गया। जनसंपर्क विभाग द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित ब्रोशर, सहित अन्य प्रचार सामग्रियों का वितरण किया गया।

