रेलवे के लोको प्राइमरी स्कूल के बच्चों को प्राथमिक उपचार और अग्निशमन यंत्र के प्रयोग का दिया गया प्रशिक्षण
बिलासपुर। आपातकालीन परिस्थितियों में स्कूली बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु रेलवे स्कूलों में प्राथमिक उपचार और अग्निशमन यंत्र के प्रयोग के प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत की गई है। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा वरि.मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के निर्देशन में वाणिज्य विभाग के स्पेशल टीम द्वारा चलाया जा रहा है। इसी संदर्भ में लोको कालोनी में स्थित लोको प्राइमरी में एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों को प्राथमिक उपचार और अग्निशमन यंत्र के सही प्रयोग की जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण वाणिज्य विभाग के स्पेशल टीम के प्रशिक्षित सदस्यों द्वारा दिया गया, जिसमें स्कूल के 200 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। इस अवसर पर श्रीमती नेहा सिंह मंडल आयुक्त(गाइड) द.पू.म.रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड, बिलासपुर एवं स्कूल के प्रधानपाठक , शिक्षक, शिक्षिकाएँ भी उपस्थित थे। प्रशिक्षित सदस्यों द्वारा अग्निशमन यंत्र का प्रयोग करने की जानकारी दी गई साथ ही प्रदर्शन कर दिखाया गया तथा अभ्यास कराया गया । इसके अलावा शरीर के विभिन्न अंगों में त्रिकोणीय पट्टी के माध्यम से प्राथमिक उपचार करने के तरीकों का भी प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान बच्चों को सिखाया गया कि आग लगने की स्थिति में क्या कदम उठाए जाएं और कैसे प्राथमिक उपचार द्वारा किसी घायल व्यक्ति की मदद की जा सकती है। वरि.मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने कहा की यह प्रशिक्षण बच्चों की सुरक्षा एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने में मददगार साबित होगा । साथ ही बच्चों में आत्मरक्षा और दूसरों की सहायता करने की भावना भी प्रबल होगी ।

