आईईडी ब्लास्ट में एक जवान शहीद दूसरी जगह मुठभेड़ में दो घायल
सुकमा। विधानसभा निर्वाचन के दौरान आज नक्सली घटनाओं में आईईडी ब्लास्ट में एक जवान की मौत हो गई वहीं सर्चिंग के दौरान मुठभेड़ में दो जवान घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार आज विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 90 कोण्टा जिला सुकमा के निर्वाचन हेतु मंगलवार को मतदान दिवस के अवसर पर जिले के मतदाता स्वस्फूर्त मतदान करने मतदान केन्द्रों में पहुंचे। हालांकि कुछ क्षेत्रों में पुलिस नक्सली मुठभेड़ आईईडी ब्लास्ट जैसी घटनाएं भी हुई उसके बावजूद मतदाताओं में मतदान करने के लिए उत्साह देखा गया और जिले में 50 फीसदी से अधिक मतदान किया गया। युवा और महिला ने मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया। वहीं पर वरिष्ठ और बुजुर्ग तथा दिव्यांग मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का उपयोग किया। वे उत्साह से वोट डालने मतदान केन्द्र तक पहुंचे। आज प्रात: से ही मतदाताओं की लम्बी-लम्बी कतार मतदान केन्द्रों पर देखी गई। सभी प्रत्याशियों समेत जिले के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरिस. एस और पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने भी अपने निर्धारित मतदान केन्द्र मे मतदान किया। कलेक्टर ने आज पॉलीटेक्निक कॉलेज सुकमा में कंट्रोल रूम में पहुंचकर जिले में हो रहे मतदान की स्थिति का जायज़ा लिया। वहीं समय और मतदान कराकर मतदान केंद्र क्रमांक 63- गीदम का मतदान दल सबसे पहले 4.30 बजे स्ट्रांग रूम पहुंचा जिसके बाद मतदान केंद्र क्रमांक 178- कुडुकरास 5 बजे स्ट्रांग रूम पहुंचा। विधानसभा क्षेत्र 90 कोण्टा के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक संजीव कुमार और सामान्य प्रेक्षक राजीव रंजन कुमार ने भी जिले के के विभिन्न ग्रामों में बने मतदान केन्द्रों में पहुंचकर वहां पर मौजूद मतदान अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। जिले में 40 पिंक बूथ/ संगवारी मतदान केंद्र बनाए गए थे। महिला मतदान अधिकारियों ने उत्साह और सजगता से निर्वाचन कार्य के तहत् मतदान कराने के कार्य को सफलता पूर्वक किया। साथ ही विधानसभा क्षेत्र कोंटा में 05 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए थे। जहा मतदान केंद्र में मतदान सफलता पूर्वक किया गया। वहीं मतदान केंद्र क्रमांक 155- तोंगगुड़ा में सर्वाधिक मतदान करते हुए 210 मतदाताओं में 209 मतदाताओं ने मतदान किया।
मतदान सुरक्षा में लगा जवान आईईडी की चपेट में आने से हुआ घायल
मतदान सुरक्षा हेतु कैंप टोंडामरका से कोबरा 206 एवं सीआरपीएफ के जवान एरिया डॉमिनेशन अभियान में एल्मागुंडा गांव की ओर निकले थे। जहां गश्त के दौरान कोबरा 206 के जवान निरीक्षक श्रीकांत का पैर नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में पडऩे से ब्लास्ट हुआ है और जवान का पैर गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज हेतु रायपुर रिफर किया गया । जहां इलाज के दौरान जवान की मौत हो गई।
कई जगह किया नक्सलियों ने हमला, मिनपा हमले में कोबरा के 2 जवान घायल
मंगलवार को नक्सलियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अलग अलग क्षेत्रों में चुनाव को प्रभावित करने का कोशिश किया। नक्सलियों ने प्रात: 11:10 बजे मतदान केंद्र क्रमांक 197-बंडा (थाना कोंटा) के आउटर कॉर्डन में लगी डीआरजी बल के ऊपर नक्सलियों के द्वारा फायरिंग किया गया। सुरक्षा बलों के द्वारा जवाबी कार्यवाही की गई। 10 मिनट के बाद फायरिंग बंद हो गई। जहां पर कुल 369 मत पड़े। इसके अलावा दोपहर 2:20 के बजे चिंतागुफा थाना क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्र क्रमांक 81-मिनपा की ओर मतदान सुरक्षित संपन्न कराने हेतु मिनपा एवं दुलेढ के बीच एरिया डॉमिनेशन पर निकली कोबरा 206 वाहिनी एवं एसटीएफ के बल के ऊपर नक्सलियों के द्वारा अंधाधुंध फायरिंग किया गया। लगभग 30 मिनट तक दोनो तरफ से फायरिंग हुआ। हमले में कोबरा 206 वाहिनी के 2 जवान घायल हुए जिनकी स्थिति अभी खतरे से बाहर है एवं अन्य सभी जवान सुरक्षित है। वहीं पुलिस ने मुठभेड़ में 5–6 नक्सली मारे जाने एवं कई नक्सली के घायल होने का दावा किया है। इसके साथ ही दोपहर लगभग 3 बजे चिंतलनार थाना क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्र क्रमांक 18- लखापाल की ओर एरिया डॉमिनेशन पर निकली कोबरा 201 वाहिनी एवं सीआरपीएफ 223 वाहिनी के जवानों के ऊपर नक्सलियों के द्वारा अंधाधुंध फायरिंग किया गया। लगभग आधे घंटे तक दोनो तरफ से गोलियां चली जिसके बाद सभी जवान एवं मतदान दल सुरक्षित चिंतलनार थाना वापस हुए।

