व्यवसायी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
सीएम से परिवार के लिए मांगी सुरक्षा
बेटे ने कांग्रेस नेताओं पर लगाया आरोप, जमीन विवाद में दे रहे थे धमकियां
पुलिस मामले की कर रही जांच

बिलासपुर (जीआर)।  सरकंडा क्षेत्र के चांटीडीह रपटा के पास रहने वाले व्यवसायी ने सोमवार की रात घर के बाहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने खुद को कांग्रेस का सदस्य बताते हुए सीएम भूपेश बघेल से परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है। वहीं उनके परिजन ने दो कांग्रेस नेताओं पर जमीन विवाद में धमकियां देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।
चांटीडीह रपटा के पास रहने वाले रज्जब अली व्यवसायी हैं। रपटा के पास ही उनकी दुकान है। सोमवार की रात उन्होंने परिवार के साथ खाना खाया। इसके बाद परिवार के सदस्य अपने कमरे में आराम करने चले गए। सुबह उनका बेटा हमाम अली ने सुबह जागे। घर के बाहर पेड़ पर उनके पिता का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रज्जब अली की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उन्होंने परिवार के सदस्यों से माफी मांगी है। वहीं उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों की सुरक्षा के लिए सीएम भूपेश बघेल से मांग की है। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है। इसकी जांच की जा रही है। इधर व्यवसायी के बेटे हमाम अली ने कांग्रेस नेता अकबर खान और तैय्यब हुसैन पर जमीन में कब्जा करने धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि अकबर खान और तैय्यब हुसैन ने रज्जब की दुकान के बगल की जमीन का सौदा किया है। इसके बाद वे रज्जब की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके कारण रज्जब अली परेशान थे।


परिवार वालों से भी चल रहा विवाद
व्यवसायी रज्जब के बेटे हमाम अली ने बताया कि जमीन को लेकर पारिवारिक सदस्यों से भी विवाद चल रहा है। इसका मामला न्यायालय में लंबित है। उन्होंने बताया कि उनके बगल की जमीन को लेकर तैय्यब हुसैन और अकबर खान विवाद पैदा कर रहे थे। जमीन के सीमांकन के दौरान भी वे बड़ी संख्या में युवकों को लेकर आए थे।

बेटे ने कांग्रेस नेता अकबर खान और तैय्यब हुसैन को बताया जिम्मेदार
मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने आत्महत्या के लिए अपने परिवार से माफी मांगी है। उसने मुख्यमंत्री भूपेश से अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। वही मृतक के बेटे हमाम अली ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि रपटा चौक के पास 368/1 खसरा नंबर की उनकी पुश्तैनी जमीन है। जिस पर कांग्रेस नेता अकबर खान और तैयब हुसैन अवैध तरीके से कब्ज़ा करना चाहते हैं। हमारी दुकान तुड़वाने और हमारी ज़मीन पर कब्ज़ा करने के लिए ये लोग मेरे पिता पर लगातार दबाव बना रहे थे। तैयब हुसैन आए दिन गुंडे बुलवाकर हो हल्ला करवाता था। इन लोगों से तंग आकर ही मेरे पिता ने अपनी जान दे दी। मेरे पिता की मौत के जिम्मेदार यही लोग हैं।

आरोप बेबुनियाद, राजनीतिक छवि खराब करने की साजिश-अकबर
घटना के बाद शहर का राजनीतिक माहौल फिर से गरमा गया है। फ़ोन पर हमसे बात करते हुए नेता अकबर खान ने कहा है कि रज्जब अली से मेरा कभी कोई विवाद नहीं रहा है। पिछले लगभग सालभर से तो मेरी उनसे मुलाकात ही नहीं हुई है तो विवाद का सवाल ही नहीं उठता। अकबर खान ने कहा है कि मामले की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए, यदि ज़रूरत पड़े तो मामला विशिष्ट जांच एजेंसियों को सौंप दिया जाए। हम जांच में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।

आरोप पूरी तरह झूठ,जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे-तैय
आरोपों का सामना कर रहे कांग्रेस नेता तैयब हुसैन भी खुलकर मीडिया के सामने आए और अपना पक्ष रखा। तैयब ने कहा कि  परिवार द्वारा लगाए जा रहे ये सभी आरोप पूरी तरह झूठे हैं। ये आरोप किसी के कहने पर जानबूझ कर लगाए जा रहे हैं। परिवार को धमकाने का जो आरोप हमपर लगाया जा रहा है यदि उसमें जऱा भी सच्चाई होती तो कोई न कोई सबूत (वीडियो, सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्डिंग या गवाह) भी जरूर सामने आता। उन्होंने कहा है कि हम जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *