महिला सशक्तीकरण की दिखेगी झलक,पिंक बूथों में महिलाएं करेंगी मतदान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आठ पिंक बूथों का गठन किया जाएगा

महिला सशक्तीकरण की दिखेगी झलक,पिंक बूथों में महिलाएं करेंगी मतदान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आठ पिंक बूथों का गठन किया जाएगा

बिलासपुर। विधानसभा चुनाव में इस बार महिला सशक्तीकरण की झलक दिखाई देगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नजर डालें तो प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आठ पिंक बूथों का गठन किया जाएगा। पिंक पोलिंग बूथों की विशेषता ये कि यहां चुनाव अधिकारी महिलाएं ही रहेंगी। पिंक पोलिंग बूथों में महिला अधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय में सूची बनाई जा रही है। चुनाव आयोग ने छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। राजनीतिक दल के साथ ही प्रशासनिक अमला भी अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ गया है। मतदान कराने के लिए अधिकारी व कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के अलावा मतदान दलों में शामिल होने वालों की सूची भी बनाई जा रही है। 17 नवंबर को बिलासपुर संभाग के सभी 24 विधानसभा सीटों में वोट डाले जाएंगे। इस बार मतदान के दिन प्रत्येक विधानसभा के आठ मतदान केंद्रों में कुछ खास रहेगा। आठ केंद्रों में महिला मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगी। जिन आठ केंद्रों को महिलाओं के लिए विशेषतौर पर पिंक बूथ बनाया जाएगा वहां मतदान अधिकारी भी महिलाएं ही रहेंगी। पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान दल में शामिल प्रत्येक सदस्य महिला ही होंगी। इन केंद्रों के लिए महिला अधिकारी व कर्मचारियों की विशेष व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के खास व्यवस्था भी इन केंद्रों में रहेगी।
जहां बड़े गांव वहां बनेगा पिंक बूथ
जिला निर्वाचन कार्यालय की योजना पर गौर करें तो जिले के बड़े ग्राम पंचायतों की सूची बनाई जा रही है। जहां मतदाताओं की संख्या अधिक है। खासकर बड़े ग्राम पंचायत के अलावा आसपास के गांव जहां महिला मतदाता अधिक है वहीं पिंक मतदान केंद्र का गठन किया जाएगा। इन केंद्रों में ज्यादा से ज्यादा महिला मतदाता पहुंचे और मताधिकार का प्रयोग यह रणनीति बनाई गई है।
मतदान के तीन दिन पहले बनाएंगे माहौल
मतदान के तीन दिन पहले स्थानीय प्रशासन की मदद से गांव में शत-प्रतिशत मतदान को लेकर माहौल बनाया जाएगा। खासकर पिंक मतदान केंद्रों में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी तय करने घर-घर संपर्क करेंगे। मतदान दलों द्वारा मतदाताओं को पर्ची बांटने के दौरान भी मतदाताओं से मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डालने की अपील करेंगे। इसके अलावा घर की महिला मतदाताओं से विशेषतौर पर मतदान केंद्र पहुंचकर पहले वोट डालने और उसके बाद घर के कामकाज में व्यस्त रहने अनुरोध करेंगे।
प्रभावी भूमिका में रहेंगी आधी आबादी
जिले में आधी आबादी की धमक अभी से ही दिखाई देने लगी है। जिला निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों पर नजर डालें तो बिलासपुर जिले के अंतर्ग आने वाले छह विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या सात लाख दो हजार 961 है। पुरुष मतदाताओं की संख्या सात लाख 10 हजार 777 है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले महिला व पुरुष मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वृद्धि के मामले में महिलाएं आगे है। जिले में महिला मतदाताओं की संख्या में 26 हजार 797 व पुरुष मतदाताओं की संख्या में 23 हजार 520 की वृद्धि हुई है।
विधानसभावार महिला मतदाताओं की संख्या
कोटा 82658,तखतपुर 120039,बिल्हा 100421,बिलासपुर 126558,बेलतरा 122625, मस्तूरी 150660

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *