राहुल गांधी ने एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच में की सफर,बिलासपुर से रायपुर तक यात्रियों से की चर्चा
बिलासपुर। राहुल गांधी परसदा में कार्यक्रम खत्म करने के बाद सीधे बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने प्लेटफार्म नंबर 7 से इंटरसिटी एक्सप्रेस में सवार होकर रायपुर के लिए रवाना हो गए। रेलवे स्टेशन में उनकी मौजूदगी और ट्रेन का सफर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया, क्योंकि ट्रेन के अंदर बैठे यात्रियों को इसकी भनक तक नहीं थी की राहुल गांधी उनके बीच स्लीपर कोच में बैठकर रायपुर तक सफर करेंगे।
दरअसल परसदा से उनका काफिला बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा और गाड़ी से उतरकर राहुल गांधी स्टेशन के गेट नंबर 1 से होते हुए सीधे प्लेटफार्म में पहुंचे तो पूरे स्टेशन में हलचल शुरू हो गई। प्लेटफार्म नंबर एक से वे 7 में पहुंचे। इस बीच उनके साथ प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिहदेव, नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया समेंत कई मंत्री और विधायक भी साथ थे। जैसे ही राहुल गांधी ट्रेन के पास पहुंचे यात्रियों ने उनका अभिवादन शुरू कर किया। राहुल गांधी भी यात्रियों से प्लेटफार्म में चर्चा करते हुए ट्रेन के स्लीपर कोच में चढ़ गए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत सभी नेता राहुल के साथ कोच में चढ़ गए। कोच में बैठे यात्री अपने बीच राहुल को पाकर गदगद हो उठे। इसके बाद वो कोच नंबर 1 से लेकर 7 तक गए और यात्रियों से बात करते रहे। ट्रेनों की लेट लतीफी, मिलने वाली सुविधाओं, ट्रेनों के निरस्त होने से होने वाली परेशानियों को लेकर चर्चा की।
यात्रियों के बीच में जाकर वह आपातकालीन खिडक़ी की ओर बैठ गए और यात्रियों से ट्रेनों की लेटलतीफी व अन्य समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सामने वाली सीट पर बैठे। इतवारी इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर बिलासपुर रेलवे स्टेशन से छुटी। ट्रेन के रवाना होते ही राहुल गांधी प्लेटफार्म पर बैठे सभी यात्रियों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इस दौरान जिला प्रशासन रेलवे प्रशासन समेत तमाम अधिकारी स्टेशन परिषर और ट्रेन में मौजूद नजर आए।

