अल्ट्राटेक सीमेंट हिरमी में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से तीन मजदूरों की मौत, अनेक घायल क्षेत्र में संयंत्र प्रबंधन के खिलाफ बना है आक्रोश

अल्ट्राटेक सीमेंट हिरमी में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से तीन मजदूरों की मौत, अनेक घायल  क्षेत्र में संयंत्र प्रबंधन के खिलाफ  बना है आक्रोश

बलौदाबाजार। अंचल में स्थापित हिरमी स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र में मंगलवार को ऑक्सीजन गैस सिलेंडर फटने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं घटना के बाद पूरे संयंत्र परिसर में हडक़म्प मच गया। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि घटना स्थल पर सर्वत्र खून की बूंदे व श्रमिकों के शरीर के टुकड़े बिखरे हुए थे। वहीं आक्रोशित श्रमिकों ने संयंत्र प्रबंधन व ठेकेदार पर घोरलापरवाही तथा सुरक्षा की अनदेखी का आरोप लगाते हुए तीव्र विरोध प्रदर्शन प्रारंभ कर दियागया। तनाव की स्थिति को देखते हुए थाना सुहेला के अलावा आसापास के थाने से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संयंत्र के लाइन 2 में लोहा कटिंग का कार्य चल रहा था कि लगभग 3 बजे ऑक्सीजन गैंस सिलेंडर फट जाने से वहां पर कार्य कर रहे सरफोंगा निवासी मजदूर उमेश कुमार वर्मा 25 वर्ष पिता रेवा राम वर्मा, मुड़पार निवासी शत्रुघ्न वर्मा पिता मनोहर वर्मा 27 वर्ष और कुथरौद निवासी लखेश पिता रामकुमार गायकवाड़ 24 वर्ष कि घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। ब्लास्ट की आवाज इतना तेज था कि पास 6 किलोमीटर दूर तक सुना गया और मरने वाले की शरीर 25 से 30 फीट तक ऊपर उठ गए और शरीर के चिथड़े उड़ गए। मृतकों के शवों को सुहेला स्थित चीरघर में रखा गया है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर बलौदा बाजार एडिशनल एसपी हरीश कुमार यादव, एसडीओपी सुभाष दास, सिमगा एसडीएम निर्भय साहू, नायब तहसीलदार दिलीप कुमार सामल, हथबंध थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह, सुहेला थाना प्रभारी पवन सिन्हा आदि ने घटनास्थल का मुआयना किया। इसके पहले ही मुआवजे और मृतक के परिजनों को नौकरी देने की मांग को लेकर सैकड़ों मजदूरों ने संयंत्र के गेट पर धरना दे दिया था। प्रशासन और संयंत्र प्रबंधन चाहते थे कि उक्त संबंध में चर्चा सुहेला स्थित पुलिस थाना में मजदूरों के प्रतिनिधि मंडल के साथ हो परंतु धरना में बैठे मजदूर सभी के सामने चर्चा की बात पर अड़ गए हैं।
संयंत्र के ईआर डिपाटर्मेंट के जनरल मैनेजर जितेंद्र सिंह तंवर ने आक्सीजन सिलेंडर के फटने को अप्रत्याशित बताते हुए आशंका व्यक्त किया कि सिलेंडर के मैनुफैक्चरिंग में कोई तकनीकी समस्या की वजह से दुर्घटना घटित हो सकती है। नियम अनुसार जो भी सहायता होगी प्रबंधन मृतकों के परिवार को उपलब्ध करायेगा। वहीं सिमगा एसडीएम निर्भय साहू ने कहा कि मृतक मजदूरों के परिजन, यूनियन के प्रतिनिधिमंडल, संयंत्र प्रबंधन और शासन के बीच चर्चा जारी है।
ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व ही अल्ट्राटेक सीमेंट की नवनिर्मित संयंत्र कुकुर्दी में भी एक मजदूर की दूघर्टना में मौत हुई थी। इस संबंध में मौत होने का वास्तविक कारण अभी तक नही दी गई है। जबकि लोगों ने इस मौत का कारण करंट लगने की बात कही गई थी। इस तरह सीमेंट संयंत्रों में अनेक घटना दुर्घटनाऐं आये दिन हो रही है लेकिन संयंत्र प्रबंधन द्वारा मीडिया को वास्तविक जानकारी देने से दूरी बनाये रखे है। वहीं प्रशासन के द्वारा भी संयंत्र के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नही की जा रही है।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *