कंपनी से रुपये दिलाने का झांसा देकर जेवर उड़ाने वाला महिला गिरोह पकड़ाया, महिलाओं से सोने का झुमका, मंगलसूत्र, लाकेट और दो जोड़ी चांदी की पायल बरामद

कंपनी से रुपये दिलाने का झांसा देकर जेवर उड़ाने वाला महिला गिरोह पकड़ाया, महिलाओं से सोने का झुमका, मंगलसूत्र, लाकेट और दो जोड़ी चांदी की पायल बरामद

बिलासपुर। महिला के जेवर का डिजाईन पसंद आने पर कंपनी से रुपये दिलाने का झांसा देकर फरार महिलाओं समेत चार लोगों को सकरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में एक महिला फरार है। पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं से सोने का झुमका, मंगलसूत्र, लाकेट और दो जोड़ी चांदी की पायल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है।
सकरी क्षेत्र के लोखंडी में रहने वाले राजू यादव राजमिस्त्री हैं। दो जून को वे काम पर गए थे। उनकी पत्नी लक्ष्मी घर पर थी। इसी दौरान उनके घर तीन महिलाएं आई। उन्होंने लक्ष्मी को पुराने बर्तन के बदले नया बर्तन देने की बात कही। इस पर लक्ष्मी ने पीतल के पुराने बर्तन को देकर नया बर्तन लेने की बात कही। महिलाएं पीतल के पुराने बर्तन को लेकर दूसरे दिन नया बर्तन लाने की बात कहकर चली गई। दूसरे दिन महिलाएं नया बर्तन लेकर आई। उन्होंने लक्ष्मी के जेवर देखकर इसकी डिजाईन कंपनी के अधिकारियों को पसंद आने पर रुपये मिलने की बात कही। उनकी बातों में आकर लक्ष्मी ने अपने सोने-चांदी के जेवर महिलओं को दे दिए। जेवर लेकर महिलाएं फरार हो गई। इधर महिला ने अपने पति को घटना की जानकारी देकर फरार महिलाओं की तलाश कर रही थी। जालसाज महिलाओं का पता नहीं चलने पर उसने सकरी थाने में घटना की शिकायत की। इस पर पुलिस की टीम ने जालसाज महिलाओं द्वारा दिए मोबाइल नंबर का लोकेशन निकाला। इसके आधार पर पुलिस ने झारखंड के हजारीबाग जिले में रहने वाली शबनम मल्हार(26) हाल मुकाम महाराज नगर मैहर मध्यप्रदेश, शोभा मल्हार(35) निवासी तिलैया, रंजीत मल्हार(26) निवासी महराज नगर मैहर, सुरेंद्र मल्हार(30) निवासी सारा बेड़ा थाना मांडू जिला रामगढ़ झारखंड को पकड़ लिया। वहीं, एक महिला बेबी उर्फ बेबिया फरार होने में कामयाब हो गई। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल जब्त किया है।
रतनपुर क्षेत्र में भी हो चुकी है इसी तरह की धोखाधड़ी
बीते दिनों रतनपुर क्षेत्र के घांसीपुर और मेंड्रापारा में इसी तरह की घटनाएं हो चुकी है। रतनपुर क्षेत्र में पुराने बर्तन के बदले नया बर्तन देने के बाद महिलाओं के जेवर का डिजाईन पसंद आने पर रुपये देने का झांसा देकर धोखाधड़ी हुई है। पुलिस को आशंका है कि इसी गिरोह के दूसरे सदस्यों ने जालसाजी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने पीडि़त को लेकर इनकी पहचान भी कराई। पर पीडि़तों ने गिरफ्तार आरोपी को पहचानने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश कर रही है।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *