हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने एयरपोर्ट के सामने दिया धरना
बिलासपुर-भोपाल उड़ान बंद करने का किया विरोध

बिलासपुर(जीआर)। बिलासपुर हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति का धरना आज चकरभाठा एयरपोर्ट में जारी रहा। चूंकि एलायंस एयर के द्वारा बिलासपुर-भोपाल उड़ान को 26 तारीख से बंद किया जा रहा है जिसके विरोधस्वरूप संघर्ष समिति के साथियों ने चकरभाठा में धरना दिया एवं एलायंस एयर के मैनेजर को ज्ञापन सौंपा।
आज के धरना में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि किसी भी फ्लाईट रूट पर होने वाले लाभ और हानि का आकलन तीन माह में नहीं लगाया जा सकता। केन्द्र सरकार एक तो बिलासपुर को नई उड़ान नहीं दे रही और जो चल रही है उसे भी बंद कर रही है। ये बिलासपुर के साथ एक साजिश है। आगे वक्ताओं ने कहा कि यदि बिलासपुर, भोपाल उड़ान बंद किया जा रहा है तो उसके बदले बिलासपुर से दूसरे महानगरों के लिए उड़ान सेवा तुरंत दी जानी चाहिए। ताकि बिलासपुर के एयरपोर्ट का विकल्प तेजी से हो सके, वक्ताओं ने यह भी कहा कि हम सब अब इस आंदोलन में और तेजी लाते हुए चाहे दिल्ली जाना पड़े, चाहे रायपुर जाना पड़े, हम दोनों सरकार से इसके लिए मांग करेंगे।
आज की सभा को जिन लोगों ने संबोधित किया वे रश्मि आशीष सिंह (विधायक तखतपुर), वरिष्ठ विधायक धरमजीत सिंह (विधायक लोरमी), शहर के प्रथम नागरिक रामशरण यादव, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक, बिलासपुर कृषि मण्डी अध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ला, सिंधी समाज के संत लाल साई, मुंगेली जिला पंचायत उपाध्यक्ष संचित बैनर्जी, आईएमए के पूर्व अध्यक्ष अभिजीत रायजादा, अभय नारायण राय आदि लोगों ने सम्बोधित किया। आज के सभा में आगमन के क्रम से देवेंद्र सिंह, महेश दुबे, विजय वर्मा, बद्री यादव, समीर अहमद, सीएल मीणा, दीपक कश्यप, मनोज श्रीवास, केशव गोरख, राघवेन्द्र सिंह, प्रकाश बहुरानी, मोहन जायसवाल, पार्षद अशोक जोतवानी, दीवाकर दुबे, श्यामकुमार आर्य, राम आर्य, अशोक छाबड़ा, मंत तिवारी, प्रकाश जैसवानी, नारायण पंजवानी, देवी सिंह, मनोज पाण्डेय, भूपेन्द्र लोहरा, सुरेश पंजवानी, देवेंद्र शुक्ला, परदेशी धु्रव, दुश्यंत नाग, नरेश यादव, अखिल अली, सुमित शुक्ला, अनिल गुलहरे, अनिल कुमार वालेचा एवं सुदीप श्रीवास्तव उपस्थित थे।
बिलासपुर  से कोलकाता-हैदराबाद उड़ान संचालित करने अपील
अलायंस एयर बिलासपुर भोपाल उड़ान बंद करने की योजना बना रही है। भोपाल उड़ान में यात्री कम होने का दावा सही नहीं लगता क्योंकि अभी उड़ान प्रारंभ हुए 4 माह भी नहीं हुए हैं, किसी सेक्टर में एक साल बीतने के बाद ही उसमें यात्रियों की उपलब्धता का वास्तविक आकलन होता है।
वर्तमान में पितृ पक्ष माह चल रहा है और अगस्त के माह में भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ के हालात थे, जिसके कारण मध्यप्रदेश की यात्रा करने से लोग पीछे हटे थे। इस दौरान कई बार भोपाल उड़ानें रद्द भी हुई। हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने कहा कि हम आपसे मांग करते हैं कि भोपाल बिलासपुर उड़ान बंद न की जाये और अगर भोपाल उड़ान बंद की जा रही है तो बिलासपुर रूट पर आवंटित हवाई हजाज और उसका समय का उपयोग वही बिलासपुर से कोलकाता या हैदराबाद सीधी उड़ान के रूप में किया जाना चाहिए। उक्त दोनों महानगर बिलासपुर से 600 कि.मी. की हवाई दूरी पर है अत: उसी विमान से उतने ही समय में इनमें से एक उड़ान संचालित हो सकती है। बिलासपुर से इन महानगरों के लिए सीधी उड़ान की लगातार मांग की जा रही है। कोलकाता में कोल इंडिया का मुख्यालय और उत्तर पूर्व जाने के लिए हवाई सुविधा की बड़ी मांग है। इसी तरह हैदराबाद दक्षिण भारत तथा स्वास्थ्य और शिक्षा के हिसाब से बिलासपुर क्षेत्र के बहुत से यात्रियों के लिए हवाई सुविधा आवश्यक है। उपरोक्त परिस्थिति में हमारा अनुरोध है कि बिलासपुर से कोई भी उड़ान बंद  करने के बजाये और नई उड़ान प्रारंभ की जाये।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *