ओडिशा के बालासोर में भीषण ट्रेन हादसा, 50 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल
बालासोर(ओडिशा)। ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार की शाम को भीषण रेल हादसा हो गया। कोलकाता के निकट शालीमार से चलकर चेन्नै जाने वाली कोरोमंडल एक्सप्रेस बालासोर के बहंगा बाजार रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। सूत्रों के मुताबिक यह ट्रेन पटरी से उतरी तो उसके 10 से 12 डिब्बे दूसरे ट्रैक पर जा गिरे। इस बीच दूसरे ट्रैक पर आ रही यशवंतपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी उससे टकरा गई। इस हादसे में यशवंतपुर एक्सप्रेस के भी कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। इस पूरे हादसे में कुल 50 से ज्यादा लोगों के मरने की अब तक खबर आ चुकी है। इसके अलावा 350 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं।
रेलवे ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया है कि ट्रेन संख्या 12841 कोरोमंडल एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 12864 यशवंत एक्सप्रेस शाम को 6:55 बजे बहंगा बाजार रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अफसर घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। खड़गपुर, बालासोर और संतरागाछी से अफसर और बचाव दल की टीमें पहुंची हैं। रेलवे का कहना है कि तेजी से बचाव अभियान चल रहा है। मौके पर एनडीआरएफ, मेडिकल टीमें और एंबुलेंस मौके पर मौजूद हैं।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद दुर्घटना स्थल की ओर रवाना हो गए हैं. उन्होंने ने ट्वीट कर हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मौत की स्थिति में परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवज़ा देने की घोषणा की है.
इसके आलावा गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये और हल्की चोट लगने वालों को 50,000 रुपये मुआवज़ा देने की घोषणा की है.

