हवाई सेवा के लिए 7 अप्रैल को ‘बिलासपुर बंद’ हवाई सेवा जनसंघर्ष समिति के बंद के आव्हान का सभी ने दिया समर्थन

हवाई सेवा के लिए 7 अप्रैल को ‘बिलासपुर बंद’ हवाई सेवा जनसंघर्ष समिति के बंद के आव्हान का सभी ने दिया समर्थन

बिलासपुर। बिलासपुर की जनता के लिए देश के अधिकाधिक शहरों से कनेक्टिविटी वाली विमान सेवा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रही हवाई सेवा संघर्ष समिति ने कल शुक्रवार 7 अप्रैल को बिलासपुर बंद का आह्वान किया है। हवाई सेवा समिति के इस आह्वान को शहर के सभी सामाजिक व्यापारिक संगठनों और तमाम वर्गों का स्वस्फूर्त समर्थन मिल रहा है।
इस व्यापक समर्थन को देखते हुए यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि कल हवाई सेवा संघर्ष समिति के प्रस्तावित बिलासपुर बंद को जबरदस्त सफलता मिलने जा रही है। व्यापारी संगठनों के समर्थन को देखते हुए शुक्रवार को बंद के पक्ष में शनिचरी, तिफरा सब्जी मंडी, बृहस्पति बाजार बुधवारी बाजार गोल बाजार सदर बाजार मुंगेली नाका, मंगला चौक सरकंडा और तेलीपारा तथा पुराना बस स्टैंड सहित शहर के विभिन्न इलाकों में मौजूद दुकानें तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगी। बिलासपुर हवाई सेवा संघर्ष समिति के प्रयासों से चकरभाठा से शुरू हुई विमान सेवा को और अधिक सुविधाजनक तथा अनेक शहरों से संपर्क वाली सेवा बनाने की जगह उड्डयन विभाग तथा उसके कर्ता-धर्ताओं के द्वारा तरह-तरह के अडंगे लगाए जा रहे हैं। कभी रायपुर की तुलना में बिलासपुर से दिल्ली का किराया दोगुना कर दिया जा रहा है। तो कभी यहां आने वाली और यहां से जाने वाली फ्लाइट को एकाएक रद्द अथवा डायवर्ट कर दिया जाता है। इससे बिलासपुर के लोगों में व्याप्त आक्रोश को स्वर देने के लिए हवाई सेवा संघर्ष समिति के द्वारा कल शुक्रवार को बंद का आह्वान किया गया है। बंद को सफल बनाने के लिए विजय वर्मा, महेश दुबे टाटा, देवेंद्र सिंह, बद्री यादव, राजेंद्र शुक्ला सुधांशु मिश्रा, सुदीप श्रीवास्तव मनीष अग्रवाल अनिल गुलहरे और समीर अहमद समेत अनेक सामाजिक व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के द्वारा बंद को सफल बनाने के लिए शहर के सभी लोगों वर्गों के साथ सघन संपर्क किया जा रहा है।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *