कोरोना से महिला की मौत के बाद व्यापार विहार में सतर्कता
स्वास्थ्य-विभाग की ट्रेसिंग टीम दे रही घर-घर दस्तक
श्रीराम टॉवर में एक महिलाा की कोरोना से मौत के बाद सतर्कता
बिलासपुर । व्यापार विहार के श्री राम टावर क्षेत्र में रहने वाली एक 43 साल की महिला की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। जिसे स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है। वही सोमवार को ट्रेसिंग टीम भेजकर व्यापार विहार क्षेत्र में संपर्क में आने वालों का कोरोना सेंपल लिया जा रहा है। ताकि यदि कोई और भी संक्रमित हो तो उसे खोज कर उसके इलाज किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग के आकड़ो के मुताबिक बीते तीन महीने से जिला कोरोना मुक्त बना हुआ है। वही सात महीने से एक भी मौत नहीं हुई है। लेकिन बीते 18 मार्च को शहर के एक निजी अस्पताल मे कोरोना पाजिटिव एक महिला की मौत ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में ला दिया है। ऐसे में सोमवार को सीएमएचओ डाक्टर अनिल श्रीवास्तव के निर्देश में एक ट्रेसिंग टीम व्यापार विहार के श्री राम टावर्स व आसपास क्षेत्र के घरों में दस्तक दे रही है। जहां घर घर सर्वे करने के साथ ही महिला के संपर्क में आने वालों का कोरोना सेंपल लिया जा रहा है।
बेटे की हालत सामान्य
कोरोना पाजिटिव मृतक महिला का 21 साल का बेटा भी कोरोना संक्रमित हो चुका है। जिसे आइसोलेशन में रखकर इलाज किया जा रहा है। राहत यह है कि उसकी हालत सामान्य बनी हुई है।
कई हो सकते हैं संक्रमित
कोरोना महामारी व नियंत्रण के नोडल अधिकारी डाक्टर बीके वैष्णव है। जिन्हें 18 मार्च को ही महिला की कोरोना से मौत होने की जानकारी निजी अस्पताल प्रबंधन ने दे दी थी, लेकिन उन्होंने इस आंकड़े को अपडेट नहीं किया। विभाग के बड़े अधिकारियों तक को मौत होने की जानकारी नहीं लगी। इसी तरह निजी अस्पताल से मिल रही जानकारी के मुताबिक बाहर से आने वाले कई कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, जिनका इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग जानकारी के बाद भी कोरोना के आंकड़ों को शून्य बता रहा है। जो विभाग के कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है।

