दो अलग-अलग सडक़ हादसों में 3 युवकों की मौत
कोटा में अज्ञात ट्रक की चपेट में आए दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत, आरोपी चालक फरार
बिलासपुर । आज जिले के दो अलग-अलग सडक़ हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई है। जिले के रतनपुर इलाके में हुए दर्दनाक सडक़ हादसे के बाद अब मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम दर्रीघाट फोरलेनबाईपास के पास शुक्रवार सुबह 10 बजे एक बाइक सवार युवक सडक़ किनारे खड़ी पिकअप के पीछे जा टकराया जिससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कोटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी । इस सडक़ हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई । बाइक सवार दोनों युवक पेन्ड्रा से कोटा लौट रहे थे । आमने-सामने की यह टक्कर रतनपुर-केंदा मार्ग में दारसागर चौक के पास हुई । बाइक सहित दोनों युवक करीब 10 फीट तक घिसटते चले गए ।
बेलगहना चौकी के पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिवतराई-सराईपाली (कोटा) निवासी चंद्रशेखर गंधर्व (23) एक कारखाने में ड्राइवर था । शुक्रवार की सुबह वह अपने भाई को छोडऩे के लिए पेंड्रा के ग्राम करगीखुर्द, घटोलीपारा गया था। भाई को छोडऩे के बाद वह घटोलीपारा निवासी अपने रिश्तेदार पंचराम गंधर्व (25) को अपनी बाइक में बैठाकर वापस सराईपाली (कोटा) आ रहा था । सुबह करीब 9 बजे उनकी बाइक रतनपुर-केंदा मुख्य मार्ग में दारसागर चौक के पास पहुंची ही थी तभी रतनपुर की तरफ से आ रही ट्रक ने सामने से उनकी बाइक को टक्कर मार दी । ट्रक चालक बाइक सहित उसमें सवार युवकों को दस फीट तक घसीटते ले गया । सिर पर अत्यधिक चोट लगने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई । आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ भी वहां जुट गई । इस दौरान चालक, ट्रक छोडक़र भाग खड़ा हुआ । पुलिस को एक युवक के पॉकिट से मोबाइल और पर्स मिला जिसमें रखे आधार कार्ड से उसकी पहचान कोटा के सराईपाली निवासी चंद्रशेखर गंधर्व के रूप में हुई । पुलिस ने उसके परिजनों के वहां पहुंचने पर उसके रिश्तेदार पंचराम गंधर्व की पहचान भी कर ली । पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने इस मामले में वाहन चालक के विरुद्ध 304(ए) का मामला दर्ज कर प्रकरण को विवेचना में लिया है , आगे की जांच जारी है। इस घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ ने मौके पर खूब हंगामा मचाया और चक्काजाम करने की चेतावनी दी । पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और भीड़ के गुस्से को शांत किया । पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

मस्तूरी में पिकअप से बाइक टकराई, युवक की मौत
मिली जानकारी के अनुसार मस्तूरी थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे फोरलेन 49 में मस्तूरी बाईपास तिराहा के पास पचपेड़ी थाना क्षेत्र के लोहर्सी सोन निवासी रामअवतार वर्मा पिता दिलीप वर्मा उम्र 28 वर्ष जो बिलासपुर में रहकर जॉब करता है। जो शुक्रवार सुबह 11 बजे अपने बाइक क्र सीजी 10 एसी 8176 में सवार होकर किसी काम से जांजगीर चांपा जिला जा रहा था। तभी नेशनल हाइवे फोरलेन मस्तूरी तिराहा के पास सडक़ किनारे खड़ी पीकअप वाहन सीजी 10 जेड 6094 के पीछे रामअवतार की बाइक भीड़ गई।
जिससे गंभीर चोट आने से रामअवतार की घटनास्थल में ही मौत हो गई। वही सडक़ मार्ग में चल रहे अन्य राहगीरों ने इसकी सूचना तत्काल डायल 112 को दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेज दुर्घटनाकारित पिकअप वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

