रेल मंडल में गणतंत्र दिवस की 74वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनायी गई रेल प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय ने फहराया तिरंगा
बिलासपुर। समूचे राष्ट्र के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक परिसर मे गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक श्री प्रवीण पाण्डेय थे। इस अवसर पर मंडल सेक्रो की अध्यक्षा श्रीमती श्रद्धा पाण्डेय सहित सेक्रो की अन्य सदस्याएं, मजदूर कांग्रेस सहित विभिन्न एसोसिएशन के मंडल समन्वयक, अधिकारी-गण एवं कर्मचारी-गण उपस्थित हुए। इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक श्री प्रवीण पाण्डेय द्वारा राष्ट्रगान के सुमधुर संगीत के साथ तिरंगा फहराया गया।

अपने संबोधन में उन्होने रेल परिवार के सदस्यों, उपस्थित जनसमूह एवं उनके परिवारजनों को 74वीं गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुये कहा संविधान के प्रति निष्ठा और रेल के प्रति कर्तव्यपरायणता से ओतप्रोत हम सब बिलासपुर मंडल को देश की प्रगति का प्रमुख और अग्रणी माध्यम बनाएंगे | मंडल की उपलब्धियों के बारे में उन्होने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि इस वर्ष हम लदान में अभी तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सके हैं | पाँच लोडेड गाड़ियों की सुपर वासुकि चलाई गई, बिना किसी भी यात्री गाड़ी को निरस्त किये हुये एन आई करा रहे हैं | जहाँ एक ओर हमने स्वदेशी रूप से विकसित, अत्याधुनिक, बेहतर सुविधाओं से यु्क्त और विमान से भी अच्छी यात्रा का अनुभव प्रदान करने वाली देश की छठी वंदे भारत चलायी है, वहीं दूसरी ओर सीधी रेल सेवा देकर अम्बिकापुर को देश की राजधानी से जोड़ा है।

यात्रियों को स्वच्छ, सुखद एवं आरामदेह यात्रा उपलव्ध कराने की दिशा में बेहतर प्रयास के तहत इस वर्ष 07 स्टेशनों में फुट ओवरब्रिज की सुविधा, बिलासपुर स्टेशन के दूसरे छोर में फुट ओवरब्रिज, टिकट घर, पार्किंग सहित द्वितीय प्रवेश द्वार की सुविधा, अक्लतरा, कोरबा व उसलापुर स्टेशन में लिफ्ट की सुविधा, 05 स्टेशनों में कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड की सुविधा, अतिरिक्त कोचों का आवर्धन जैसे अनेक कार्य संपादित किए गए हैं |

अभिनव पहल के तहत यात्रा के दौरान यात्रियों के साथ यात्रा कर रहे बच्चों के मनोरंजन हेतु बिलासपुर स्टेशन में आर्केड गेम जोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है | स्थानीय उत्पादों को देशभर में लोकप्रिय बनाने हेतु एक स्टेशन एक उत्पाद योजना के तहत मंडल के 14 स्टेशनों में 77 लाख की लागत से स्टॉल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जहां स्थानीय उत्पादों की बिक्री कर स्थानीय कारीगर आर्थिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं | इसके अलावा उन्होने मंडल के सभी विभागों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के बारे में बताते हुये उनकी सराहना की |
अंत में उन्होने यूनियन एवं संघों के पदाधिकारियों को, उनके बहुमूल्य सुझावों एवं सहयोग के लिये तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया को उनके सक्रियता एवं सहभागिता के लिये धन्यवाद देते हुये उनका आभार व्यक्त किया।

