पेड़ से टकराने के बाद कार में लगी आग,3 जिंदा जले
दो युवक और एक युवती की हुई शिनाख्त
रतनपुर पेंड्रा रोड पर देर रात की घटना
मृतकों के सामानों से हुई पहचान
बिलासपुर । बीती रात रतनपुर पेंड्रा रोड पर रात करीब 1.30 से 2 के बीच कार के पेड़ से टकराने से कार में आग लग गई जिसमें अब तक 3 लोगों के मरने की पुष्टि हो रही है। अब धीरे-धीरे मृतकों की भी पहचान होने लगी है। बताया जा रहा है कि इस हादसे से पहले बिलासपुर का पत्रकार शाहनवाज खान अपने साथी अभिषेक कुर्रे के साथ दो युवतियों को लेकर बिलासपुर के एमिगोज बार गया था जहां सब ने शराब पी और फिर इन लोगों ने चांपी जलाशय स्थित पचरा रिसोर्ट जाने का प्लान बनाया। इनके कुछ दोस्तों ने चारों को जाते भी देखा।
दावा किया जा रहा है इनमें से एक युवती रास्ते में ही उतर गई जिसकी अब तक पुष्टि नहीं हो पाई है । वही इनके साथ बाल्को कोरबा निवासी याशिका मनहर भी मौजूद थी जो बिलासपुर में रहकर पीएससी की तैयारी कर रही है। उनकी कार रात में हादसे का शिकार हो गई जिसमें समीर उर्फ शाहनवाज, आशिका मनहर और अभिषेक कुर्रे की मौत हो गई। चौथी लडक़ी की जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है, लेकिन उसका नाम विक्टोरिया बताया जा रहा है। फिलहाल उसका मोबाइल बंद मिल रहा है, लेकिन उसका लोकेशन भी घटनास्थल के आसपास होने से यह माना जा रहा है कि उसकी भी मौत हो चुकी होगी, क्योंकि कार की पिछली सीट पर 2 शव बुरी तरह से चिपके हुए हैं। शायद इनमें से एक विक्टोरिया हो। यह भी हो सकता है कि विक्टोरिया रास्ते में कहीं उतर गई हो। शाहनवाज राजकिशोर नगर का रहने वाला था। वह अपने साथी अभिषेक कुर्रे के साथ रिंग रोड पल्लव भवन के पास स्थित एक मकान में रहता था। अभिषेक के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
दावा किया जा रहा है कि घटना वाले दिन अभिषेक कुर्रे की शादी के लिए लडक़ी पसंद करने ये लोग नवागढ़ गए थे। वही मरने वाली युवती आशिका मनहर की पहचान कोरबा निवासी के रूप में हुई है । पुलिस ने चेन और कड़ा से समीर की पहचान की। वही गले की चेन के आधार पर याशिका की पहचान हुई है। कुछ अन्य सामान के जरिए अभिषेक कुर्रे को पहचाना गया है। अब फॉरेंसिक एक्सपर्ट यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि कार में कितने लोग सवार थे। यह सभी लोग पचरा रिसॉर्ट में छुट्टी मनाने जा रहे थे लेकिन इससे पहले हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस ने बताया कि दिनांक 22/01/23 के रात्रि करीब 1 से 1.30 के बीच एक वैन्यू कार अनियंत्रित होकर ग्राम पोड़ी व खैरा के मध्य पेड़ से टकरा गई और कार में भीषण आग लग गई थी। जिसकी सूचना देर रात्रि डायल 112 में राहगीरों द्वारा दी गई। जिस पर रतनपुर पुलिस टीम व एफएसएल और तहसीलदार की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। जिसमें निम्न बातें सामने आई है। 1. वैन्यू कार नम्बर सीजी10 बीडी 7861 जो शहनवाज खान उर्फ समीर पिता ईशरार खान मूल निवासी राजपुर पेंड्रा हालमुकाम रिंग रोड 2 पल्लव भवन के सामने की है एवं शहनवाज खान के मित्रों द्वारा ड्राइविंग सीट में मिले कंकाल उसकी चेन,अंगूठी, कड़ा से कंकाल की पहचान शहनवाज खान के रूप में की है।
2. ड्राइविंग सीट के बगल में मिले कंकाल में एक चेन मिली है जिसकी शिनाख्त याशिका मनहर पिता भवानी राम उम्र 22 वर्ष निवासी बालको नगर भद्रा पारा जिला कोरबा के रूप में उसके पिता के द्वारा की गई है। 3. ड्राइविंग सीट के पीछे मिले कंकाल में एक कड़ा,चेन घड़ी मिली है जिसकी शिनाख्त अभिषेक कुर्रे पिता स्वर्गीय सत्यप्रकाश कुर्रे उम्र 25 निवासी वसुंधरा नगर थाना सिविल लाइन जिला बिलासपुर के रूप में उसके जीजा नीलेश कुमार के द्वारा की गई है। रतनपुर पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर शव पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस दुर्घटना में 3 नहीं 4 कार सवारों की मौत हुई है
भरोसेमंद सूत्र का कहना है कि दुर्घटना के समय कार में चार लोग मौजूद थे। जिसमें से दो युवक और दो युवतियां शामिल थी। दुर्घटना में याशिका मनहर के अलावा कार में जलकर मरने वाली दूसरी युवती का नाम विक्टोरिया आदित्य बताया जा रहा है।
उसके पिता एनटीपीसी कोरबा में कार्यरत सी एल आदित्य ने बताया कि लडक़ी विक्टोरिया आदित्य बिलासपुर के गया विहार कॉलोनी में निवास करती थी। लडक़ी के पिता का दावा है कि उनकी लडक़ी भी उस वक्त इसी कार में मौजूद थी जब कार पेड़ से टकराई और उसमें आग लग गई।
लडक़ी के पिता का कहना है कि कार में हाथ और सिर की जो हड्डियां मिली है उनसे भी उन्हें यह पुष्टि हो रही है कि उनकी बेटी विक्टोरिया आदित्य भी इस दुर्घटना की शिकार हो गई है। कार के भीतर एक चाबी भी मिली है। विक्टोरिया आदित्य के पिता सी एल आदित्य के मुताबिक यह चाबी उनकी लडक़ी के गया विहार स्थित मकान के ताले की चाबी है।
लडक़ी के पिता ने कहा की फॉरेंसिक रिपोर्ट अभी आई नहीं है कल पोस्टमार्टम होना है इसमें भी अगर प्रमाणित नहीं हुआ तो वह डीएनए सहित तमाम तरह की जांच करवाएंगे। उन्होंने पूरे दावे के साथ कहा है कि उनकी लडक़ी की भी मौत इसी दुर्घटना में हुई है।
भरोसेमंद सूत्र ने भी ठीक ऐसा ही दावा करते हुए बताया है कि रतनपुर बेलगहना रोड पर शनिवार की रात को हुई भयानक दुर्घटना और पेड़ से टकराने के बाद कार में लगी आग से 4 कार सवारों की कार के भीतर ही जलकर मौत हुई है।

