पार्षद चुनाव में 52.18 फीसदी ने डाले वोट
महिलाओं, बुजुर्गो, दिव्यांगजनों ने भी दिखाया उत्साह
बिलासपुर। नगर निकाय उप निर्वाचन 2022-23 अंतर्गत नगर निगम बिलासपुर के वार्ड क्र. 16 में पार्षद पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। 52.18 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

जिला निर्वाचन कार्यालय बिलासपुर द्वारा जारी अनंतिम आंकड़ों के अनुसार 52.18 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कड़ाके की ठंड की परवाह न करते हुए बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने मतदान केंद्रों में पहुंचे। मतदान केन्द्र में बुजुर्गो और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गयी थी। जिला प्रशासन द्वारा मतदान केन्द्रों में चाक-चौबंद व्यवस्था की गयी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ कुमार ने लगातार मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस उप निर्वाचन में मतदान सुबह 8 बजे से प्रांरभ हुआ। पार्षद पद के मतों की गणना 12 जनवरी को की जायेगी। ब्रजेश मेमोरियल कन्या उमावि हिंदी मीडियम स्कूल में स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना का कार्य संपन्न होगा। बुजुर्गों व दिव्यांगजनों में दिखा खासा उत्साह वार्ड क्रमांक 16 के उप चुनाव में पहली बार मतदान करने आई 18 वर्षीय अंशिका दुबे ने मतदान करने के बाद खुशी जाहिर की। ठिठुरन भरी ठंड में बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 90 वर्षीय बुजुर्ग बुधवारा बाई ने लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लिया। 75 वर्षीय दिव्यांग मतदाता बसन्ता बाई सूर्यवंशी ने भी उत्साह से मतदान किया।

सुरक्षा चाक चौबंद रही
कुदुदंड में हो रहे पार्षद चुनाव के लिए आज मतदान केंद्र के बाहर काफी भीड़ रही पुलिस बल तैनात किया गया था । नगर निगम आयुक्त कुणाल दुदावत के साथ चुनाव आब्जर्वर राज्य शासन के सचिव मतदान केंद्र पहुंचे और यहां स्थिति का जायजा लिया। मतदान केंद्र में अपनी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था सिर्फ जिला मतदान केंद्र के लिए परिचय पत्र जारी किया गया था उन्हें ही भीतर रहने दिया फोटोग्राफी पर भी प्रतिबंध लगाया गया था । बाहरी को प्रवेश बंद कर दिया गया था और वोट मांग रहे भाजपा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर खड़े रहने के निर्देश दिए गए थे। दोनों दलों के दिग्गज नेता एक-एक वोट के लिए यहां ठंड में जूझ रहे थे। दोनों दलों के कार्यकर्ता मतदाताओं को ऑटो से मतदान केंद्र तक ला रहे थे ।
बूथ 1 और 2 में तेज वोटिंग

मतदान केंद्र क्रमांक एक एवं दो में दोपहर 3 बजे तक 327 तथा 250 मतदाताओं ने वोट डाले थे। बूथ क्रमांक 3 में 302 बुथ क्रमांक 4 में 248 पांच में 346 तथा 6 में 331 साथ में 314 तथा मतदान केंद्र क्रमांक 8 में 314 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था। बताया जाता है कि मतदान क्रमांक 1 और 2 में कांग्रेस को बढ़त मिलने की संभावना है। लेकिन यहां वोटिंग कम हुई है। लगभग 960 वोटिंग होने की संभावना है। वही 3 से लेकर 8 मतदान केंद्र में दोपहर 12 बजे तक भाजपा आगे चल रही थी । लेकिन दोपहर 2 बजे के बाद नए समीकरण बना और कांग्रेस के पक्ष में माहौल दिखने लगा । दोनों दलों के नेता वोटिंग के बाद अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं और भाजपा कांग्रेस के बीच फैसला होगा कि कुदुदंड का पार्षद कौन होगा 12 जनवरी को मतगणना के बाद पता चलेगा।
कांग्रेस के पक्ष में माहौल-शैलेष
विधायक शैलेश पांडे ने अनीता कश्यप की जीत को लेकर कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। नगर निगम में कांग्रेस के महापौर हैं। पूर्व में भाजपा के कार्यकाल में यहां विकास कार्य नहीं हुए हैं। कुदुदंड के मतदाता अनीता कश्यप को अपना आशीर्वाद दे रहे हैं और कांग्रेस के पक्ष में यहां माहौल भी है । कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता यहां अनीता कश्यप को जिताने के लिए मेहनत कर रहे हैं और जनता के बीच कांग्रेस के पक्ष में माहौल भी है । आज विधायक शैलेश पांडे सभी मतदान केंद्र का निरीक्षण भी किया और शांतिपूर्वक मतदान कराने की अपील भी की। जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में यहां मतदान चल रहा है। विधायक शैलेश पांडे ने महापौर रामशरण यादव विजय पांडे तथा तथा प्रमोद नायक के साथ मतदान को लेकर चर्चा भी की और जीत का भरोसा भी दिलाया।

