सिम्स में पहली बार दूरबीन से ऑपरेशन प्रारंभ
घुटने के जटिल चोटों का दूरबीन पध्दति से सिम्स में निशुल्क इलाज
मरवाही के युवक का किया सफल ऑपरेशन,निजी अस्पताल में इलाज का खर्च 80 हजार
बिलासपुर। सिम्स चिकित्सालय के अस्थि रोग विभाग के चिकित्सकों ने दूरबीन आर्थाेस्कोपी द्वारा एन्टीरियर क्रुशिएट लिगामेंट इन्जूरी का नि:शुल्क सफल ऑपरेशन प्रारंभ कर दिया है। मरवाही निवासी ननकु दास 32 वर्ष को पिछले 06 माह से बाए घुटने में लगी चोट के कारण घुटने में लचक और दर्द था, जिसके लिए वह सिम्स अस्पताल में परामर्श के लिए आया तथा डॉक्टर द्वारा जाँच और घुटने की एमआरआई कराने के बाद पता चला की उसके घुटने की डोरी टूट गई है और गद्दी (लेटरल मेनिस्कस) इन्जूरी भी है। उसको दूरबीन से द्वारा आपरेशन की सलाह दी गई। मरीज की सहमति के बाद दिनांक 28 दिसम्बर को डॉ आर. के. दास, डॉ संजय धिल्ले, डॉ ए. आर. बेन, डॉ अविनाश के टीम द्वारा बॉए घुटने का दूरबीन द्वारा सफल ऑपरेशन किया गया। यह ऑपरेशन निश्चेतना विभाग के टीम डॉ राकेश निगम (एचओडी), डॉ मिल्टन के सहयोग से किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज बिल्कुल ठीक है संपूर्ण इलाज पूर्णत: नि:शुल्क किया गया । इस हेतु अधिष्ठाता डॉ के.के. सहारे एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ नीरज शेडे का मार्गदर्शन पूर्ण संरक्षण एवं सहयोग प्राप्त हुआ।

पहले इस आपरेशन के लिए मरीज को रायपुर भेजा जाता था। लेकिन अब सिम्स चिकित्सालय में ही घुटने की जटिल बीमारियों स्पोर्टस एंड इंजूरी लिंगामेंट इंजूरी का नि:शुल्क इलाज उपलब्ध हो गया है।
इससे पहले यह ऑपरेशन शहर के निजी चिकित्सालयो में 70-80 हजार के खर्च पर ही संभव था। इस मरीज के अलावा हाल ही में दो और मरीजो का सफल आपरेशन दूरबीन द्वारा कीयहोल पद्धति से किया जा चुका है।

