वाजपेयी नाम के अनुरूप अपने संकल्प पर अटल रहे-अरूण साव
बिलासपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा बिलासपुर विधानसभा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में भाजपा कार्यालय बिलासपुर में मनाया। इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को अटल जी के छायाचित्र पर पुष्प चढाकर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अरूण साव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया में सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है इसका सारा श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है जिनके कठिन परिश्रम और कठोर तपस्या से यह हासिल हुआ है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में मना रही है। आज हमारे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का 99वॉ जन्म दिवस है, उन्होने हमें छत्तीसगढ़ राज्य दिया। उन्हें कुछ लोगो ने अलग छत्तीसगढ़ राज्य बनाने से रोकने का प्रयास किया किंतु वाजपेयी जी अपने नाम के अनुरूप अपने संकल्प पर अटल रहे और छत्तीसगढ़ राज्य बना कर ही दम लिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भुखमरी, पिछड़ापन है मैं इसे समाप्त करना चाहता हूॅ। इसके लिए पृथक छत्तीसगढ़ राज्य बना कर इसका विकास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने 23 संयुक्त दलों की सरकार कुशलता पूर्व चलायी और देश को विकास की गई दिशा दिखाई। पोखरण में परमाणु विस्फोट कर उन्होंने दुलिया में तहलका मचा दिया और कहा कि यह भारत के आत्म स्वाभिमान का विस्फोट है। उन्होंने देश की दशा और दिशा बदलने का कार्य किया है। वे हमारे लिए आज भी प्रासंगिक और प्रेरणा श्रोत व आदर्श की प्रतिमूर्ति है। उन्होंने कहा कि हमें अटल बिहारी वाजपेयी जी के सपनों को साकार करना है। यह हम सभी लोगों की जिम्मेदारी है।

