महंगी बिजली,खस्ताहाल सडक़ों पर जनता देख रही है दिन में तारे-अमर
तारामंडल में केवल मुख्यमंत्री ने उद्घाटन में देखें तारे
बिलासपुर। विकास खोजो अभियान पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता पदाधिकारी एवं मंडल के सदस्यगण वार्ड 15 रानी लक्ष्मी बाई नगर मरही माई मंदिर से तालापारा इलाके में पैदल भ्रमण करते हुए रमजानी बाबा दरगाह से पटेल भवन शिविर स्थल पर पहुंचे। अमर अग्रवाल ने नागरिकों से संवाद के दौरान उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली, उन्होंने वार्ड वासियों को बताया कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में तालापारा वार्ड में सैकड़ो विकास कार्य कराए गए। वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में पक्की नालियां, सीसी रोड जल निकासी की व्यवस्था, तालाब किनारे एरिया के डुबान क्षेत्र का प्रबंधन सुनिश्चित कराया गया। भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधियों की निधि से 42 लाख की लागत से मरही माई मंदिर के बाजू में स्थित मुस्लिम कब्रिस्तान का कायाकल्प कराया गया, महिलाओं को स्वरोजगार की दृष्टि से सिलाई कढ़ाई सेंटर खोला गया, रमजानी बाबा दरगाह में शमा महफिल हाल का निर्माण कराया गया।बज़्मे ख़्वातीन मुस्लिम महिला संगठन हेतु मुस्लिम बहनों की शिक्षा हेतु दस लाख रुपयों के अनुदान राशि भवन निर्माण हेतु प्रदान की गई। श्री अमर अग्रवाल ने कहा तालापारा में आना जाना अत्यंत दुष्कर था,सामुदायिक भवन के लिए क्षेत्र में उपयुक्त भूमि का नितांत अभाव था,एक हजार ट्रक मलबे से गड्ढे को पाटकर कर पटेल भवन की सौगात क्षेत्रवासियों को दिलाई गई और सूर्यवंशी समाज के लिए भी सामाजिक भवन का निर्माण कराया।

पिछले चार सालों से क्षेत्र में कोई नया कार्य नहीं हुआ है, उल्टे युवा पीढ़ी के समक्ष रोजगार की समस्या खड़ी हो गई है बेरोजगारी भत्ता नहीं मिल रहा है, गरीबों की थाली में राशन गायब है, पेंशन के लिए भटकना पड़ता है और आए दिन शहर के अन्य इलाकों की तरह तालापारा क्षेत्र की जमीन बेजा कब्जा धारियों के और भू माफियाओं का नकाब लगाकर उड़ रही है। उक्त क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, सडक़ों की मरम्मत भी नहीं हो रही है, व्यापार विहार क्षेत्र का पानी डायवर्ट करने से जल निकासी की समस्या हो जाती हैं, फलत: थोड़ी से बारिश में श्रीकांत वर्मा मार्ग एवं पुराना बस स्टैंड में भी जलभराव हो जाता है। क्षेत्र के नागरिकों ने चर्चा के दौरान कहां युवा पीढ़ी नशे की चपेट में हैं, क्षेत्र में चाकूबाजी अन्य अपराधिक घटनाएं भी बढ़ गई हैं। शिविर स्थल में अमर अग्रवाल ने कहां इलाके से कुछ दूरी पर व्यापार विहार गार्डन के समीप महानगरों की तर्ज पर अंतरिक्ष का अहसास कराने वाला, सौरमंडल की जानकारी, शिक्षा व मनोरंजन,युवाओं में वैज्ञानिक ज्ञान की अभिवृद्धि के लिए व्यापार विहार में छत्तीसगढ़ का पहला तारामंडल का ऑक्सीजोन सहित 7 करोड़ की लागत से भाजपा शासन में निर्माण शुरू कराया गया। 4 एकड़ क्षेत्र में 200 की दर्शक क्षमता वाले प्लेनेटोरियम में पार्किंग स्थल ओपन गार्डन, हाल, लेक्चर हाल की योजना युवाओं को खगोल शास्त्र का बेहतर ज्ञान के लिए की सुविधा हेतु की कवायद की गई। कालांतर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस तारामंडल का उद्घाटन भी किया बावजूद इसके हालात यह है कि बिलासपुर और प्रदेश की जनता को अपराध,माफिया,डबल बिजली बिल,बेहतर सडक़े , शुद्ध पेयजल आपूर्ति की मूलभूत सुविधाओ के नाम पर दिन में ही तारे दिखाने वाली सरकार के मुख्यमंत्री ने तारामंडल में अंतरिक्ष के तारों की दुनिया देखी लेकिन शर्मनाक है कि उद्घाटन के बाद भी तारामंडल की सुविधा बिलासपुर के नागरिकों को नहीं मिल पाई है,इसके ऑक्सीज़ोन में लगाए हुए हजारों पौधे देखरेख के अभाव में दम तोड़ रहे हैं। बिलासपुर के प्लेनेटोरियम में कांग्रेस के नेता जन्मदिन की मुफ्तखोरी की पार्टी का आयोजन रखवाते है, युवा पीढ़ी में ज्ञान विज्ञान के प्रसार के लिए करोड़ों की लागत से बनाया गया तारामंडल शाम ढलने के बाद नशेडियो एवं शराबियों की शरणगाह बन जाता है।

