छत्तीसगढ़ में चार सालों से सिर्फ ईडी व सीडी की चर्चा – डा. रमन
पूर्व मुख्यमंत्री की सीपत में हुई आमसभा
बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पिपरानार सोंठी सीपत स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित आमसभा में कहा कि भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को बदनाम कर दिया है। छत्तीसगढ़ को लेकर केवल ईडी और सीडी की चर्चा है।

पूर्व सीएम ने कहा कि सूबे के मुखिया चार्जशीटेड हैं, उनके वरिष्ठ अधिकारी जेल में हैं। छग में माफियाराज काम कर रहा है। नीचे से ऊपर तक भ्रष्ट्राचार मचा हुआ है। 4 वर्षों के कुशासन और भ्रष्टाचार की सच्चाई जनता के सामने है। ग्राम सोंठी में प्रधानमंत्री आवास योजना व उज्जवला योजना के हितग्राही रामफल धीवर , साजापाली में शौचालय व उज्जवला योजना की हितग्राही भगवती धीवर जी व रानू धीवर जी से उन्होंने विस्तृत संवाद किया जिसमें महिलाओं ने उन्हें आवास प्राप्त न होने की समस्या बताई। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह दो दिवसीय दौरे पर आज गुरुवार को सीपत पहुंचे जहां उन्होंने सीपत में आयोजित बैठक में अनुसांगिक संगठन के कार्यकर्ताओं से चर्चा की । लोकसभा प्रवास कार्यक्रम में विधानसभा के समन्वय समिति एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की बैठक में शामिल होकर मस्तूरी विधानसभा के शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और सभी मंडल पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने बेलतरा विधानसभा के पौंसरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही पेटाल चौहान के निवास स्थान पहुंचकर उनसे संवाद किया। उन्होंने पक्के आवास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट किया साथ ही क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत करवाया, वहीं सांसद गुहाराम अजगले हितग्राही मुन्ना सूर्यवंशी एवं पूर्व सांसद लखनलाल साहू रमा बाई हितग्राही के निवास में पहुॅचकर संवाद किया। इस अवसर पर जांजगीर सांसद गुहाराम अजगले, मस्तूरी विधायक डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

