संजू त्रिपाठी को पिस्टल बेचने वाले रायगढ़ में पकड़ाए
दो पिस्टल व 5 जिंदा कारतूस के साथ 2 गिरफ्तार, तीन साथियों की तलाश जारी
बिलासपुर। रायगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्जीय हथियार तस्करों के दो सदस्यों को गिरफ्तार करके उनके पास से तीन पिस्टल व पांच जिंदा कारतूस बरामद किया है। पकड़े गए हथियार तस्करों का संबंध बिलासपुर संजू त्रिपाठी हत्याकांड से भी जूड गया है। चूंकि पकड़े गए एक हथियार तस्कर ने संजू त्रिपाठी के रिश्तेदार को 15 राउंड जिंदा कारतूस सहित दो पिस्टल बेची थी। साथ ही साथ पुलिस इन तस्करों से अन्य मामलों की भी पूछताछ करके खुलासा करने में लगी है चूंकि पकड़े गए तस्करों के अन्य तीन साथियों की तलाश जारी है।
इस संबंध में जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीना ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि विगत 16 दिसंबर की शाम जूटमिल पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना पर ट्रांसपोर्टनगर बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध युवक को पिस्टल बंदूक के साथ पकड़ा गया था। आरोपी युवक नरेश उर्फ नानू यादव पिता नान्हे लाल यादव उम्र 26 साल साकिन धांगरडीपा थाना कोतवाली रायगढ़ के कब्जे से एक 7.65 एमएम सिल्वर रंग देसी पिस्टल, एक खाली मैगजीन, एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल जप्त कर आरोपी पर धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस चैकी जूटमिल में कार्यवाही कर आरोपी को जुडिशियल रिमांड पर भेजा गया था।
बीते सप्ताह बिलासपुर जिले में हुई गंभीर वारदात के बाद एसपी अभिषेक मीना द्वारा आरोपी से जप्त हथियार के संबंध में अवैध हथियार बेचने वाले सिंडिकेट, उनके सप्लाई चैन, पूरे संगठन का पता लगाने के निर्देश एडिशनल एसपी संजय महादेवा, सीएसपी अभिनव उपाध्याय एवं साइबर सेल की टीम को दिया गया। सायइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक कमल किशोर पटेल वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन पर पिस्टल के साथ पकड़े गये आरोपी नरेश उर्फ नानू यादव से विस्तृत पूछताछ किया गया। आरोपी नरेश उर्फ नानू यादव ने रायगढ़ निवासी यूसुफ हुसैन, चांदनी चैक बाबूपारा के पास से 1 पिस्टल और 3 राउंड को 8-9 माह पहले 50,000 में खरीदना बताया है।
साइबर सेल की टीम आरोपी यूसुफ हुसैन की पकडऩे के लिये चांदनी चैक बाबूपारा में स्थित युसूफ हुसैन के घर रेड भी की थी। लेकिन आरोपी गिरफ्तारी के भय से फरार होनेें में कामयाब हो गया था। साइबर सेल प्रभारी व उनकी टीम आरोपी युसूफ हुसैन की पतासाजी लगातार जाल बिछाकर रखे थे जिसके बाद कल शाम मुखबिर द्वारा आरोपी युसूफ हुसैन और उसके साथ एक व्यक्ति को रेल्वे स्टेशन के पास होनें की सूचना पर दोनों को दबोच लिया गया।
सरगना की तलाश जारी
आरोपी युसूफ हुसैन अपने साथ पकड़ा गये युवक का हथियारों का मुख्य सप्लायर एजाज उर्फ राजू निवासी पलामू झारखंड का रहने वाला बताया तथा दोनों पकड़े जाने के डर से रायगढ़ से कोलकात्ता और कोलकात्ता से बंग्लादेश की ओर फरार होने की योजना से रेल्वे स्टेशन पर आना बताया गया। पुलिस ने दोनों आरोपी की तलाशी लेने पर आरोपी युसूफ के पास 1 पिस्टल और 2 राउंड तथा आरोपी एजाज अंसारी के पास 1 पिस्टल और 3 राउंड जिंदा कारतूस मिले। दोनों को हिरासत में लेकर चैकी लाया गया जिनसे विस्तृत पूछताछ में अवैध हथियारों की खरीदी-बिक्री का खुलासा हुआ।
टे्रवल एजेंसी चलाता है एक तस्कर
पुलिस गिरफ्त में आये हथियार तस्कर में से एक युसूफ हुसैन रायगढ़ के चांदनी चैक बाबूपारा ने पुलिस को बताया कि पूर्व में ट्रैवलिंग एजेंसी में ड्रायवरी का काम करता था। आज से करीब डेढ़-दो वर्ष पहले ड्राइवरों के माध्यम से पलामू, झारखंड में रहने वाले एजाज अंसारी उर्फ राजू भाई के साथ जान पहचान हुआ। एजाज अंसारी उर्फ राजू से व्हाट्सएप कॉल के जरिए बातचीत होता था। आरोपी यूसुफ हुसैन बताया कि उसे जल्द रूपये कमाने थे इसलिए उसने एजाज अंसारी उर्फ राजू को बोला था कि तुम्हारे तरफ पिस्टल कट्टा आसानी से मिल जाता है जुगाड़ करो। तब एजाज पिस्टल, राउंड बेचने में राजी हो गया और हथियार बेचने अलग-अलग जगह बुलाता था। करीब 1 साल पहले एजाज अंसारी से पहली बार पिस्टल खरीदने डाल्टेनगंज भी गया था। जहां 1 पिस्टल, 3 राउंड 50,000 में खरीदकर रायगढ़ लाया जिसे रायगढ़ के नरेश उर्फ नानू यादव को बेचकर कमाई की थी इसके बाद से लगातार झारखण्ड जाकर हथियारों को खरीदकर छत्तीसगढ़ में बेचता था।
उसके बाद इसी साल अक्टूबर 2022 में दोबारा डाल्टनगंज जाकर एजाज अंसारी से 1 पिस्टल और 16 राउंड खरीद कर लाया और अपने पास रखा था। पिस्टल के लिए ग्राहक नहीं मिल रहा था, इसी बीच प्रेम श्रीवास, बिलासपुर का रहने वाला जिससे दोस्त के जरिए परिचय हुआ था, राउंड खरीदने के बारे में इंटरेस्ट दिखाया जिसे 14 राउंड को प्रति राउंड 500-500 रूपये में सौदा तय कर बेचा था। नवंबर महीने में एक दिन प्रेम श्रीवास फोन कर बिलासपुर बुलाया, बिलासपुर जाने के बाद प्रेम प्रेम श्रीवास ने कपिल त्रिपाठी से मिलवाया था।
कपिल त्रिपाठी अपना घर परिवार का झगड़ा बताकर उसके भाई संजु त्रिपाठी का फोटो दिखाकर उसकी हत्या के लिए 8-10 लाख दूंगा बोला। तब उसे सोच कर बताऊंगा कहकर वापस रायगढ़ आ गया। उसके कुछ दिन बाद प्रेम श्रीवास वापस फोन किया और कहने लगा कि 2 सामान (पिस्टल और राउंड) की बेहद जरूरत है दिलवा दो। उसके कहने पर वापस एजाज अंसारी उर्फ राजू से संपर्क किया, 2 दिसंबर को एजाज सामान लेकर अम्बिकापुर बस स्टैंड के पास मिलूंगा बोला। तब प्रेम श्रीवास अपने एक साथी के साथ कार में रायगढ़ आया, रायगढ़ में उसके साथ अंबिकापुर गए। अंबिकापुर बस स्टैंड के पास एजाज अंसारी पहले से खड़ा था। एजाज अंसारी 2 नग पिस्टल और 10 राउंड प्रेम श्रीवास को 1,40,000 में बेच दिया। वहां से प्रेम श्रीवास और उसका साथी कार में बिलासपुर चले गए और रायगढ़ वाली बस में बैठकर रायगढ़ आ गया, एजाज अंसारी भी झारखंड चला गया।
दोनों आरोपियों को पुलिस चैकी जूटमिल के आर्म्स एक्ट के आरोपी नरेश उर्फ नानू यादव से संबधित मामले में गिरफ्तार कर बिलासपुर पुलिस के साथ समस्त जानकारी साझा किया गया है। फिलहाल पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और इनसे कई अन्य हथियार सप्लाई के राज खुल सकते हैं।

