ग्राहक से पांच लाख एडवांस लेकर भागा दुकान संचालक
15 टन शक्कर सप्लाई करने का सौदा कर व्यापार विहार के दुकान संचालक ने पांच लाख 17 हजार ले लिए और दुकान बंद कर फरार
बिलासपुर । ग्राहक को 15 टन शक्कर सप्लाई करने का सौदा कर व्यापार विहार के दुकान संचालक ने पांच लाख 17 हजार रूपए ले लिए। इसके बाद वह दुकान बंद कर फरार हो गया। इधर सौदे के बाद भी सामान सप्लाई नहीं होने पर व्यापारी ने मामले की शिकायत तारबाहर थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के लाजपत नगर में रहने वाले मो. कामरान(23) व्यवसायी हैं। उन्होंने व्यापार विहार स्थित गुरूदेव ट्रेडिंग के संचालक विमल सबवानी से शक्कर खरीदने के लिए 15 सितंबर 2022 को बातचीत की। विमल ने कामरान को तीन हजार 600 रूपए प्रति क्विंटल की दर से सप्लाई करने की बात कही। इस पर कामरान ने 15 टन शक्कर खरीदने का सौदा किया। इसके लिए उसने विमल के खाते में एक लाख 49 हजार रूपए ट्रांसफर कर दिए। इसके 15 दिन बाद डेढ़ लाख ट्रांसफर किए गए। इस तरह कामरान ने अलग-अलग कर विमल के खाते में 15 लाख रूपए भेज दिए। तय समय पर सामान सप्लाई करने से पहले ही विमल अपनी दुकान बंद कर फरार हो गया। व्यसायी ने दुकान संचालक की तलाश की। उसके नहीं मिलने पर तारबाहर थाने में मामले की शिकायत की गई। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। व्यापार विहार स्थित गुरूदेव ट्रेडिंग कंपनी से विमल सबवानी थोक शक्कर का व्यापार करता था। संभाग के कई शहरों में वह व्यापारियों को शक्कर की सप्लाई कर रहा था। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि विमल ने अन्य व्यापारियों से भी धोखाधड़ी की है। पुलिस को फिलहाल कामरान की शिकायत मिली है। इसकी जांच की जा रही है।

