उत्कल एक्सप्रेस में महिला यात्री की बिगड़ी तबीयत, रेलवे अस्पताल में मौत
बिलासपुर । उत्कल एक्सप्रेस (18477 ) में सफर के दौरान एक महिला यात्री की मौत हो गई प्लेटफार्म क्रमांक 04 पर समय करीबन 18.40 बजे ट्रेन पहुंची। आगमन के बाद प्लेटफार्म ड्यूटी में तैनात आरक्षक उज्जवल किशोर एवं महिला आरक्षक ई डुंगडुंग ने इस ट्रेन को अटेन् किया। कोच संख्या एस – 11 के सामने अत्यधिक भीड देखकर वहां पहुंचे। जहाँ पर उक्त ट्रेन में कार्यरत टीटीई एवं स्टेशन मास्टर बिलासपुर मौजूद थे। भीड़ के पास पहुँच कर ज्ञात हुआ कि एक महिला जिसका नाम श्यामबाई भारद्वाज (53) निवासी काटीपारा कचडोल जिला बलौदा बाजार छत्तीसगढ़ की तबीयत बहुत खराब है। वह अपने स्वजनों के साथ पुरी से बिलासपुर तक की यात्रा कर रही थी। स्वजनों से पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया कि यात्रा के दौरान अचानक तबीयत खराब हो गई। जिसकी सूचना ट्रेन में कार्यरत टीटीई को दिया गया था। तत्पश्चात उक्त महिला को स्टेशन मास्टर बिलासपुर, टीटीई के मौजूदगी में उसके स्वजनों बेटी गायत्री चतुर्वेदी तथा दामाद जितेन्द्र चतुर्वेदी के साथ रेलवे हास्पिटल बिलासपुर ईलाज के लिए भेजा गया। जहां पर चिकित्सको द्वारा महिला यात्री को मृत घोषित कर दिया। इस पर शासकीय रेलवे पुलिस बिलासपुर द्वारा महिला के शव को शासकीय रेलवे पुलिस बिलासपुर लाकर आवश्यक कागजी कार्यवाही की गई। स्वजनों के द्वारा शव को पीएम नहीं करवाने एवं शव को अपने साथ गृह ग्राम ले जाने के लिए लिखित आवेदन देने पर शव को परिवार वाले को जीआरपी बिलासपुर द्वारा सुपुर्द कर दिया गया।

