देशबन्धु जबलपुर के प्रधान संपादक दीपक सुरजन नहीं रहे
अंतिम संस्कार आज
जबलपुर। देशबन्धु जबलपुर समाचार पत्र के प्रधान संपादक दीपक सुरजन का 65 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया।
देशबन्धु जबलपुर समाचार पत्र के प्रधान संपादक दीपक सुरजन का नागपुर में उपचार के दौरान निधन हो गया। पत्रकारिता के सशक्त हस्ताक्षर स्व. दीपक सुरजन 65 वर्ष के थे।
26 जनवरी 1957 में जन्मे दीपक सुरजन का बचपन से ही पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव रहा। उन्होंने लगभग 5 दशकों तक दिल्ली से भोपाल तक और कई प्रदेशों में जीवन्त पत्रकारिता की। घटनाओं से तत्परता से जुडऩा और मानवीय सरकारों के साथ ही खोजी पत्रकारिता के लिये उनका नाम अग्रणी पत्रकारों में शुमार है।
श्री सुरजन विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक संस्थाओं से भी सक्रिय रुप से जुड़े रहे। उनका पार्थिव देह नागपुर से सुबह जबलपुर पहुंचेगा और अंतिम यात्रा उनके निज निवास दत्त इनक्लेव माता गुजरी हास्टल के सामने से दोपहर बाद 3 बजे निकलेगी, अंतिम संस्कार ग्वारीघाट मुक्तिधाम में संपन्न होगा। श्री सुरजन के निधन की खबर से प्रदेश के पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदेश की पत्रकारिता के स्तंभ स्व. मायाराम सुरजन के सुपुत्र देशबन्धु समाचार पत्र समूह के प्रधान संपादक रहे स्व. ललित सुरजन, दिनेश सुरजन, देवेन्द्र सुरजन के अनुज तथा देशबन्धु भोपाल के संपादक पलाश सुरजन के अग्रज, युवा पत्रकार और देशबन्धु के संचालक आभाष सुरजन, कृति सुरजन के पिता व माधुरी सुरजन के पति थे।
देशबन्धु परिवार की विनम्र श्रद्धांजलि।

