मेयर यादव की हिदायत, हर निर्माणाधीन कार्य पर लगाएं सूचना बोर्ड
नगर निगम के हर वार्ड में चल रहे हैं लाखों रुपए के निर्माण
निरीक्षण के दौरान कहीं भी नहीं मिला सूचना पटल
बिलासपुर। नगर निगम के हर वार्ड में लाखों रुपए के निर्माण चल रहे हैं, लेकिन किसी भी जगह पर निर्माण की लागत से संबंधित सूचना बोर्ड नहीं लगा है। निरीक्षण के दौरान इस खुलासा होने पर महापौर रामशरण यादव ने निगम के अफसरों को सख्त हिदायत दी कि हर निर्माणाधीन कार्य के पास सूचना बोर्ड होना चाहिए। भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर श्री यादव रोजाना सुबह तीन घंटे तक शहर के वार्डों का निरीक्षण करते हैं और आए दिन स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करते हैं। उन्होंने पहले ही निर्देश दे रखा है कि जहां पर भी निर्माण कार्यों का भूमिपूजन होता है, वहां एक सूचना बोर्ड हो, जिसमें कार्य का नाम, लागत राशि, निर्माण शुरू और पूरे होने की तिथि अंकित होनी चाहिए, ताकि जनता को पता चल सके कि क्या निर्माण किस सरकार के कार्यकाल में हुआ।
इस आशय का प्रस्ताव एमआईसी में भी पास हो गया है और तत्कालीन कमिश्नर अजय त्रिपाठी ने सभी जोन कमिश्नरों को पत्र भी जारी किया था, लेकिन कहीं पर भी इस आदेश का पालन नहीं हो रहा है। इसका खुलासा हर दिन के निरीक्षण में हो रहा है। इस बात को लेकर मेयर श्री यादव ने नाराजगी जताई है।

