तीन केन्द्रों से धान खरीदी अभियान का आगाज
कलेक्टर ने फूलमालाओं से किया किसानों का स्वागत, कांटा-बाट की पूजा-अर्चना कर शुरू की धान तौलाई
समय पूर्व धान खरीदी शुरू होने से किसानों में उत्साह

तीन केन्द्रों से धान खरीदी अभियान का आगाजकलेक्टर ने फूलमालाओं से किया किसानों का स्वागत, कांटा-बाट की पूजा-अर्चना कर शुरू की धान तौलाईसमय पूर्व धान खरीदी शुरू होने से किसानों में उत्साह

बिलासपुर ,। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप जिले में आज से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू हो गई। कलेक्टर  सौरभकुमार ने लगातार तीन महीने तक चलने वाली धान खरीदी अभियान का रतनपुर खरीदी केन्द्र में शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों के साथ तराजू बांट की पूजा-अर्चना कर छोटे किसान  बरकत अली द्वारा लाये गये महामाया धान की तौलाई की। श्री अली सहित खरीदी केन्द्र में उपस्थित अन्य किसानों का कलेक्टर ने फुल माला से स्वागत एवं सम्मान किया गया। समय से पूर्व धान खरीदी शुरू होने से किसानों में खुशी एवं उत्साह का माहौल देखा गया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद  रामगोपाल कहरा, मण्डी अध्यक्ष रमेश मरावी, रूद्रकुमार गुप्ता, पंकज जायसवाल सहित निगरानी समिति के सदस्य और किसान उपस्थित थे। कलेक्टर ने केन्द्र पर किसानों के साथ बैठक लेकर फसल कटाई, उपज, रोग आदि की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि अभी धान की आवक कम होगी। इस साल ज्यादा बारिश होने के कारण खेत सूखे नहीं हैं। कटाई में समय लग रहा है। 

अगले पन्द्रह दिनों में ज्यादा मात्रा में धान की आवक उपार्जन केन्द्रों पर होगी। कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार इस साल किसानों के हित में पन्द्रह दिन पहले से ही खरीदी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टोकन की समस्या भी ऑनलाईन व्यवस्था कर देने के कारण लगभग दूर हो गई है। रतनपुर उपार्जन केन्द्र में धान बेचने आज केवल एक किसान बरकत अली पहुंचे। वे 12 बोरी में 4.80 क्विंटल लेकर आये थे। उनकी पूरी धान खरीद ली गई। कलेक्टर ने नमी का परीक्षण करने के बाद इसकी तौलाई की। रतनपुर समिति में 1127 किसान धान बेचने के लिए पंजीयन कराये हैं। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पहले दिन के लिए 16 समितियों के 23 किसानों द्वारा 540 क्विंटल धान बेचने के लिए पंजीयन कराया गया था।

सरकार 23 लाख किसानों की धान खरीदने के लिए संकल्पित-चंद्राकर 

अपेक्स बैंक के अध्यक्ष एवं केबिनेट मंत्री  बैजनाथ चन्द्राकर ने आज  पाटन ब्लाक के सेवा सहकारी समिति सांकरा धान उपार्जन की पूजा अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपेक्स बैंक के नवनियुक्त सदस्य  राकेश ठाकुर, बीज निगम के सदस्य  मेहत्तर वर्मा, सांकरा समिति अध्यक्ष  संतराम कुर्रे, डॉ मनु भट्ट, डीजीएम अपेक्स बैंक  भूपेश चंद्रवंशी, प्रबंधक  अभिषेक तिवारी, सीईओ  अपेक्षा व्यास एवं बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही।  मुख्य अतिथि  बैजनाथ चन्द्राकर ने कहा कि पूरे देश मे नंबर 1 मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के 23 लाख से अधिक किसानों की धान का एक-एक दाना खरीदने के लिए संकल्पित है। इस वर्ष छत्तीसगढ़ में सहकारी समितियों के माध्यम से 110 लाख मेट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। किसान हितैषी मुख्यमंत्री भूपेश बधेल की मंशा अनुरूप सहकारी समितियों में धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था कर लिया गया है। किसानों को धान बेचने व बैंको से राशि भुगतान में किसी तरह का असुविधा नही हो इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं -नायक

 जिले में धान खरीदी की शुरुआत आज बिल्हा में 4 किसानों से 24 क्विंटल धान खरीदी से हुई। इस मौके पर जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक ने कहा कि किसानों का एक-एक दाना छत्तीसगढ़ सरकार खरीदेगी। किसानों को किसी प्रकार की कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है । श्री नायक ने जानकारी दी कि आने वाले समय में सभी सहकारी समितियों में जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक रहेंगे इसके लिए प्रबंधकों की भर्ती की प्रक्रिया राज्य सरकार द्वारा की जा रही है। धान खरीदी के शुभारंभ कार्यक्रम में विजय केसरवानी, रामशरण यादव , छाया विधायक राजेन्द्र शुक्ला सहित अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित थे। स्वागत भाषण में जिला सहकारी बैंक के लेखापाल प्रभात मिश्रा ने कहा कि इस बार किसानों को टोकन कटाने के लिए समिति में जाने की जरूरत नहीं है । किसान टोकन तुहार द्वार ऐप के माध्यम से मोबाइल पर कटा सकते हैं। बिल्हा उपार्जन केंद्र में आज 4 किसानों द्वारा 24 क्विंटल धान बेचा गया।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *