फीस के लिए भरी कक्षा में बच्चों को प्रताडऩा
पिता ने कहा-एलसीआईटी पब्लिक स्कूल में हो रहा बच्चों के भविष्य से खिलवाड़
कलेक्टर-एसपी, डीईओ को भी शिकायत की, नहीं हुई कोई कार्रवाई

फीस के लिए भरी कक्षा में बच्चों को प्रताडऩापिता ने कहा-एलसीआईटी पब्लिक स्कूल में हो रहा बच्चों के भविष्य से खिलवाड़कलेक्टर-एसपी, डीईओ को भी शिकायत की, नहीं हुई कोई कार्रवाई

बिलासपुर। एलसीआईटी स्कूल प्रबंधन की फीस के नाम पर अवैध वसूली व बच्चों के साथ दुव्र्यवहार को लेकर आज पत्रकारों से एक अभिभावक ने अपनी बात रखी।
आशीर्वाद वेली निवासी पालक संजय सिंह ने बिलासपुर प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि बोदरी में  स्थित एलसीआईटी पब्लिक स्कूल की शिकायत कलेक्टर,एस पी, शिक्षाधिकारी सहित चकरभाठा थाने में अधिकारियों से की है। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने फीस ना पटाने के नाम पर मासूम बच्चों के साथ उनका भी अपमान किया और बच्चों का मार्कशीट रोक लिया। जबकि पिता प्रमाण के साथ कह रहे हैं कि उन्होंने साल के शुरू में ही पूरी फीस पटा दी है। यानी जानबूझकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है। इस भया दोहन के खिलाफ अब उन्होंने मोर्चा खोल दिया है। संजय सिंह का पुत्र सजत कुमार सिंह कक्षा नवमी और बेटी दीक्षा सिंह कक्षा चौथी में एलसीआईटी पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। शैक्षणिक वर्ष 2022-23 के शुरू में ही 11 अप्रैल 2022 को संजय सिंह ने अपने बेटे रजत कुमार सिंह का साल भर का स्कूल फीस 48,070 तथा बेटी दीक्षा की साल भर की फीस 39,349 पटा दी थी। अन्य निजी स्कूल की तरह एलसीआईटी स्कूल ने भी बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, किताब आदि स्कूल प्रबंधन से ही खरीदने का दबाव बनाया। मजबूरी में संजय सिंह ने यह भी किया। दोनों बच्चों को स्कूल लाने ले जाने के लिए बतौर परिवहन शुल्क 18,070 भी उन्होंने एडवांस में जमा करा दिया। हैरानी तो उन्हें उस वक्त हुई जब मार्च 2023 में परीक्षा से पहले दोनों बच्चों का प्रवेश पत्र जारी किया गया तो उसके साथ यह टीप लिखा गया कि उनकी फीस बकाया है। इतना ही नहीं क्लास टीचर ने मासूम दीक्षा को पूरे क्लास के सामने डांटते हुए अपमानित किया कि जब उनकी पिता की हैसियत स्कूल की फीस पटाने की नहीं है तो वह स्कूल आती ही क्यों है। आप सोच सकते हैं कि किसी मासूम बच्चे पर इस तरह की बातों का कितना गहरा असर पड़ सकता है। जब संजय सिंह को इसकी जानकारी हुई तो वे भी हैरान रह गए। उन्होंने खुद स्कूल जाकर सभी पुराने रसीद दिखाएं और बताया कि उन्होंने तो पहले ही सारा फीस पटा दिया है । यह देख प्रबंधन ने मौखिक में अपनी गलती मानी और कहा कि अब ऐसी भूल नहीं होगी। लेकिन 31 मार्च को जब संजय सिंह अपने बेटे सजत और दीक्षा का रिजल्ट लेने स्कूल गए तो अन्य अभिभावकों के सामने ही कक्षा नौवीं की शिक्षिका डोला मुखर्जी तथा कक्षा चौथी की शिक्षिका दीपिका दीवान ने भरी कक्षा में बेहद अपमानजनक ढंग से उन पर चिल्लाते हुए कहा कि जब फीस पटाने की हैसियत नहीं है तो इतने बड़े स्कूल में क्यों पढ़ाते हो। साथ ही कहा कि जब तक दोनों बच्चों की फीस अदा नहीं होती दोनों बच्चों का रिजल्ट नहीं दिया जाएगा। संजय सिंह ने जब यह बताने का प्रयास किया कि वे तो फीस पहले ही पटा चुके हैं तो दोनों शिक्षिकाओं ने हाथ खड़ा करते हुए कह दिया कि यह सब कुछ स्कूल के डायरेक्टर और प्राचार्य के आदेश पर किया जा रहा है। उनका ही निर्देश है कि फीस ना पटाने वाले अभिभावकों को यूं ही सबके सामने जलील किया जाए। उनकी कोई भी दलील दोनों टीचर द्वारा ना सुनने पर संजय सिंह ने स्कूल के प्रबंधन से मिला, लेकिन उन्होंने भी कोई बात ना सुनते हुए एक बार फिर से संजय सिंह को अपमानित किया। पूरी फीस पटाने के बाद भी स्कूल प्रबंधन इस तरह से अभिभावक और उनके बच्चों को प्रताडि़त कर रहा हैं, यह हैरानी की बात है । जाहिर है स्कूल प्रबंधन का लक्ष्य बेहतर शिक्षा देना नहीं बल्कि एन केन प्रकारेण फीस बटोरना भर है। इसीलिए तो जिन शिक्षकों पर बच्चों का भविष्य बनाने की जिम्मेदारी है । वहीं शिक्षक बच्चों को प्रबंधन के इशारे पर मानसिक रूप से प्रताडि़त कर उन्हें हीन भावना से ग्रसित कर रहे हैं। अपने ही सहपाठियों के सामने बार-बार फीस ना पटा पाने का अपमान बच्चे बेवजह सह रहे हैं, जिससे उनका मानसिक संतुलन बिगड़ सकता है। बाल मन पर इसकी गहरी छाप पड़ सकती है, लेकिन स्कूल प्रबंधन को इन सबसे क्या ? उन्हें तो बस मतलब है तो पैसों की उगाही से। इसके लिए वे अभिभावकों को, बच्चों को ब्लैकमेल करने से भी गुरेज नहीं कर रहे।
ऐसे निजी स्कूलों के लिए तो अभिभावक वह गन्ना है जिसका एक एक बूंद निचोड़ लेने की कला में इन स्कूलों ने मास्टर डिग्री हासिल कर रखी है। संजय सिंह के मामले में तो हैरान करने वाली बात यह है कि पूरी फीस पटाने के बाद भी उन्हें इस तरह से बार-बार बेवजह जलील किया जा रहा है। पता नहीं उनसे किस बात का बदला एलसीआईटी स्कूल ले रहा है। यह भी पता नहीं कि इसी अनुभव से और कितने अभिभावक गुजर रहे होंगे जो बच्चों के भविष्य की परवाह कर अपने होंठ सील कर खामोश है। फिलहाल संजय सिंह ने पुलिस और प्रशासन से शिकायत कर एलसीआईटी स्कूल के डायरेक्टर प्रमोद जैन और प्राचार्य सबस्टिन जोसेफ के साथ स्कूल की शिक्षिका डोला मुखर्जी , दीपिका दिवान और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है।

MRINMOY MALLICK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *